लखनऊ के नेशनल इंटर कॉलेज के प्रबंधन की अंतरिम समिति ने मंगलवार को प्रधानाचार्य उमाशंकर सिंह को सस्पेंड कर दिया। उनके स्थान पर प्रवक्ता रामचंद्र को प्रिंसिपल का चार्ज दिया गया है। कमेटी ने अपनी इस कार्रवाई को जिला विद्यालय निरीक्षक के पास अनुमोदन के लिए भेज दिया है।
गत रविवार को आयोजित सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा में एसटीएफ ने सॉल्वर गैंग का भंडाफोड़ किया था। इसके बाद कॉलेज के प्रधानाचार्य सहित नौ लोगों को गिरफ्तार किया।
कॉलेज का प्रबंधन सोसाइटी द्वारा संचालित है।
मोती महल मेमोरियल सोसाइटी की आंतरिक समिति के सदस्यों में वरिष्ठ सेवानिवृत्त आईएएस विरेश कुमार और सेवानिवृत्त जस्टिस एसयू खान शामिल हैं। मंगलवार को आंतरिक समिति ने प्रधानाचार्य उमाशंकर सिंह को संस्पेंड करने और प्रवक्ता रामचंद्र को प्रधानाचार्य पद पर नियुक्त करने का पत्र जारी कर दिया।
पत्र को जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. मुकेश कुमार के पास अनुमोदन के लिए भेजा। डीआईओएस ने बताया कि निलंबन का पत्र मिलते ही अनुमोदन कर दिया जाएगा। गत वर्ष जब प्रधानाचार्य पर छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा था तब भी आंतरिक समिति ने उनको निलंब कर दिया था। उस समय भी रामचंद्र को प्रधानाचार्य का चार्ज दिया गया था। रामचंद्र गणित विषय के प्रवक्ता हैं।