यही बच्ची कक्षा में बंद रह गई थी
- फोटो : amar ujala
इटौंजा के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में छात्रा के पांच घंटे बंद रहने के मामले में प्रधानाचार्य को निलंबित किया गया। इसके साथ ही विद्यालय में तैनात दो अन्य शिक्षकों और दो अनुदेशकों को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की गई है। यह कार्रवाई बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारी की रिपोर्ट पर की है।
प्रधानाचार्य व स्टाफ की लापरवाही से 8वीं की छात्रा खुशबू यादव बुधवार को पांच घंटे तक कक्षा में बंद रह गई थी। शाम साढ़े सात बजे छात्रा के शोर मचाने पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ताला तोड़वाकर छात्रा को परिवारीजनों के सुपुर्द किया।
घटना की सूचना पर बृहस्पतिवार को शिक्षा विभाग की टीम ने स्कूल का निरीक्षण किया। जांच में प्रधानाचार्य, शिक्षकों व अन्य स्टाफ की लापरवाही उजागर हुई। खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से बृहस्पतिवार को भेजी गई रिपोर्ट के आधार पर बीएसए ने प्रधानाचार्य नरजिस सुल्तान खान को निलंबित किया।
वहीं शिक्षक वंदना डबराल, हिना कौसर व अनुदेशक अनिरुद्ध सिंह यादव और श्रद्धा गुप्ता को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई। विद्यालयों में ऐसी घटना दोबारा न हो इसके लिए सभी प्रधानाचार्य व शिक्षकों को भी पत्र भेजकर निर्देश जारी किए गए हैं। खंड शिक्षा अधिकारी सतीश त्रिपाठी ने बताया कि छात्रा के कमरे में बंद रह जाने में लापरवाही सामने आने पर प्रिंसिपल को निलंबित कर चार को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई हैं