मुकद्दस हज कर लौट रहे हाजियों से चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर रियाल को लेकर लूटखसोट जारी है। एक ओर लोडर वाले रियाल में भाड़ा मांग रहे हैं।
तो दूसरी तरफ एयरपोर्ट एजेंसियां रियाल को रुपये में बदलने को लेकर हाजियों पर दबाव बना रही हैं। भारतीय मुद्रा में एक सऊदी रियाल की कीमत 15 रुपये से अधिक है, लेकिन एक्सचेंज कराने पर हाजियों को 14 रुपये ही दिए जा रहे हैं।
हाजियों की शिकायत पर हज अधिकारी ने एयरपोर्ट प्रबंधन को लूटखसोट रोके जाने जाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही हज मंत्री मोहम्मद आजम खां को जानकारी देने का फैसला लिया है।
हाजियों ने रविवार को भी राज्य हज कमेटी से शिकायत की है। बाराबंकी के हाजी सुलतान का आरोप है कि फ्लाइट से उतरते ही लोडर वाला उनसे रियाल में भाड़ा देने की मांग करता है।
उन्होंने बताया कि 150-200 रियाल में भाड़ा देने पर ही सामन लोड किया जाता है। उन्होंने बताया कि बैंक व प्राइवेट एजेंसियां भी एक्सचेंज करने पर रियाल की ठीक कीमत अदा नहीं कर रही हैं।
साथ ही एयरपोर्ट की एजेंसियां उन्हें रियाल को रुपये में बदलने का दबाव बना रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य हज कमेटी अगर इस मामले को गंभीरता से ले तो हाजियों को परेशानियों का सामना न करना पड़े।
वहीं, लखनऊ के एक हाजी असलम का कहना है कि रियाल बदलने का दबाव बनाया जाना पूरी तरह से गलत है। उधर, हज अधिकारी तनवीर अहमद का कहना है कि एयरपोर्ट प्रबंधन से शिकायत की गई है, लेकिन अब तक हाजियों को परेशान किया जा रहा है।
कोई ठोस कदम क्यों नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस बाबत राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री आजम खां को अब सूचित करने का निर्णय लिया
गया है।