नगर आयुक्त ने बताया कि पूरे आयोजन स्थल की सफाई व सुरक्षा व्यवस्था को 14 सेक्टर में विभाजित कर सभी कार्यों की नियमित तौर पर 24 घंटा निगरानी होगी। इस कार्य के लिए एक हजार सफाई कर्मियों की तैनाती की जा रही है।
इसके साथ ही आयोजन के दौरान पूरे स्थल को विशेषतौर पर तिरंगा रोशनी युक्त एलईडी से जगमग कर फूलों व सजावटी पेड़ों से सजाया संवारा जाएगा। व्यवस्था से जुड़े विभागों के एक-एक अधिकारी की क्यूआरटी मोबाइल टीम भी तैनात रहेगी। इसके लिए संचार सुविधा युक्त एक हाईटेक कंट्रोल कक्ष का संचालन भी सेक्टर नौ स्थित सामुदायिक केंद्र से होगा।
तैयारियों की देना होगी दैनिक प्रगति रिपोर्ट
निरीक्षण में मौजूद जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने बताया कि डिफेंस एक्सपो के आयोजन से जुड़ी गतिविधियां 4 फरवरी को गोमती नगर के आईजीपी सभागार में प्रस्तावित कर्टन रेजर कार्यक्रम के साथ होगी। मुख्य आयोजन स्थल पर एक्सपो से जुड़े कार्यक्रम 5 से 9 फरवरी पांच दिनों तक होंगे।
इस दौरान मुख्य आयोजन स्थल के इतर गोमती नगर के रिवर फ्रंट पर जल थल व वायु सेना के साथ कोस्ट गार्ड से जुड़ी गतिविधियों का भी लाइव डेमो शो होगा। उन्होंने निर्देश दिया कि तैयारियों से जुड़े सभी 15 विभागों अब नियमित तौर पर अपने कार्यों की दैनिक प्रगति रिपोर्ट नामित नोडल अधिकारी व एडीएम टीजी के माध्यम से डीएम व मंडलायुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराएंगे।
मुख्य आयोजन स्थल के साथ अन्य जगह आयोजित कार्यक्रम के लिए बनाए जाने वाले वाहनों के पार्किंग स्थल पूरी तरह नो स्मोकिंग जोन रहेंगे। इसकी निगरानी सीसीटीवी कैमरों से होगी। मंडलायुक्त ने बताया कि हर पार्किंग स्थल पर दिव्यांगों को परेशानी से बचाने के लिए 10-10 ई-रिक्शा की व्यवस्था भी रहेगी।