मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना वैक्सीन कोल्ड चेन को पल्स पोलियो वैक्सीन के लिए बनाई गई कोल्ड चेन की तर्ज पर तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि कोराना वैक्सीन के लिए स्थापित किए जा रहे स्टोरेज सेंटर्स की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। मुख्यमंत्री मंगलवार को अपने सरकारी आवास पर अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे।
सीएम ने कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए पूरी सतर्कता बरतने और लखनऊ, मेरठ, वाराणसी, कानपुर नगर, झांसी, गाजियाबाद तथा गोरखपुर जिलों में कोविड-19 के बेडों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कोविड-19 से बचाव व उपचार की व्यवस्था को मजबूत बनाने, कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग तथा सर्विलांस सिस्टम की व्यवस्था को पूरी तरह से सक्रिय रखने को कहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि टीम-11 ने पूरे समन्वय के साथ बेहतर परिणाम दिया है। कार्य की गति आगे भी इसी प्रकार जारी रखी जाए। उन्होंने इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर को पूरी सक्रियता से संचालित करने तथा कोविड-19 की मेडिकल टेस्टिंग रैंडम आधार पर किए जाने के भी निर्देश दिए हैं।
बैठक में चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना, स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह, मुख्य सचिव आरके तिवारी, औद्योगिक एवं अवस्थापना आयुक्त आलोक टंडन, कृषि उत्पादन आयुक्त आलोक सिन्हा व अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।