लखनऊ। मलिहाबाद उपमंडी की 18 दुकानों का आवंटन निरस्त करने की तैयारी है। इन दुकानों के आवंटियों पर प्रीमियम और किराये (यूजर चार्ज) के करीब 1.36 करोड़ रुपये बकाया हैं। मंडी समिति के अनुसार, संबंधित फर्मों ने कई वर्षों से न तो दुकानों में कारोबार शुरू किया और न ही बकाया धनराशि जमा की। कई बार नोटिस देने के बावजूद भुगतान नहीं होने पर अब सभी आवंटियों को 15 दिन का अंतिम मौका दिया गया है।
कृषि उत्पादन मंडी समिति के सभापति एवं अपर जिलाधिकारी (टीजी) राज कुमार मित्तल ने बताया कि वर्ष 2022 और 2023 में 18 दुकानों की नीलामी हुई थी। इनमें कुल 3,20,50,000 रुपये की बोली लगी थी, जिसके सापेक्ष अब तक 1,83,76,971 रुपये ही जमा हुए हैं। सेक्टर प्रभारी की जांच रिपोर्ट के आधार पर दुकानों का आवंटन निरस्त करने की संस्तुति की गई है।
इन फर्मों को आवंटित हुई हैं दुकानें
मै. अदिति इंटरप्राइजेज, मै. सालिक राम यादव फ्रूट कंपनी, मै. राम गोपाल कंपनी, मै. हिंदुस्तान फ्रूट कंपनी, मै. बंधन फ्रूट कंपनी, मै. असर्फीलाल एंड राजन फ्रूट कंपनी, मै. माया ट्रेडिंग कंपनी, मै. किस्मत फ्रूट कंपनी, मै. जगराना ट्रेडिंग कंपनी, मै. सरिता एंड संस, मै. चांद एंड संस, मै. निखिल फ्रूट कंपनी, मै. आरजे एंड संस, मै. लिमरा एंड कंपनी, मै. तारिक फ्रूट कंपनी और मै. राइन फ्रूट कंपनी।