यूपी के अयोध्या स्थित भव्य राम मंदिर के परकोटा में स्थित पूरक मंदिरों के शिखरों पर ध्वजारोहण की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस संबंध में शनिवार को मणिराम दास छावनी में आयोजित राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक में विस्तृत रूपरेखा तय की गई।
तय कार्यक्रम के अनुसार, प्रत्येक उप मंदिर के ध्वजारोहण में करीब 50 संत, विशिष्ट जन, साथ ही मंदिर निर्माण से जुड़े अभियंता और श्रमिक शामिल होंगे। इससे पहले मुख्य शिखर पर ध्वजारोहण 25 नवंबर को नरेंद्र मोदी द्वारा किया जा चुका है, जबकि हाल ही में ध्वज परिवर्तन भी सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। परकोटा स्थित माता अन्नपूर्णा मंदिर पर ध्वजारोहण 31 दिसंबर को राजनाथ सिंह ने किया था।
ट्रस्ट ने राम नवमी मेले के मद्देनजर श्रद्धालुओं से स्वास्थ्य को लेकर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। गर्मी और धूप से बचाव के लिए सफेद गमछा साथ रखने और नियमित रूप से सत्तू का सेवन करने की सलाह दी गई है। साथ ही यह भी सुझाव दिया गया है कि श्रद्धालु आलू से बने तले-भुने खाद्य पदार्थों, खासकर समोसे से दूरी बनाए रखें, ताकि भीड़ और गर्मी के बीच स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों से बचा जा सके।