लखनऊ। प्रदेश में बैडमिंटन को बढ़ावा देने के लिए पहली बैडमिंटन लीग की तैयारी शुरू हो गई है। उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन (यूपीबीए) ने इस वर्ष के आखिर में पहली यूपी बैडमिंटन लीग आयोजित करने की योजना पर काम शुरू कर दिया है। एसो. के नवनियुक्त अध्यक्ष डा. नवनीत सहगल ने बताया कि लीग का उद्देश्य प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक माहौल उपलब्ध कराना, निजी निवेश को खेल से जोड़ना और बैडमिंटन की लोकप्रियता को नए स्तर तक पहुंचाना है। लीग को फ्रेंचाइजी मॉडल पर आयोजित करने की रूपरेखा तैयार की जा रही है। इसमें प्रदेश के कई शहरों की टीमें भाग लेंगी।
प्रत्येक टीम में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ जूनियर और उभरते शटलरों को भी मौका देने की योजना है, ताकि युवा प्रतिभाओं को वरिष्ठ खिलाड़ियों के साथ खेलने और सीखने का अवसर मिल सके। राज्य में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन किया है। ऐसे में राज्य स्तर की पेशेवर लीग खिलाड़ियों को उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा उपलब्ध कराने के साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करने में मददगार साबित होगी।