लंबे समय से काम पर न आने से काम हो रहा प्रभावित
इन्हौना मार्ग पर पर बस में चार यात्री बिना टिकट मिले
संवाद न्यूज एजेंसी
रायबरेली। रायबरेली डिपो पर काम कर रहे संविदा परिचालक मनमानी से बाज नहीं आ रहे हैं। लंबे समय से गैरहाजिर 10 संविदा परिचालकों को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। परिचालकों के काम पर न आने के कारण बसों के संचालन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रायबरेली-इन्हौना मार्ग पर भी निरीक्षण मेंं एक बस में चार यात्री बिना टिकट मिले।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक एमएल केसरवानी ने बताया कि कई संविदा परिचालक समय से काम पर नहीं आ रहे हैं। पूर्व में संबंधितों को नोटिस देकर काम पर लौटने के आदेश दिए गए थे। संविदा परिचालकों नीलेश कुमार, प्रशांत शुक्ला, शेषधर तिवारी, विनोद कुमार सिंह, अजय कुमार, संदीप कुमार त्रिवेदी, आदित्य, अनिल कुमार वर्मा, गीतम कुमार को अंतिम नोटिस दी गई है। उन्होंने बताया कि रायबरेली-इन्हौना मार्ग पर बस की चेकिंग में चार बिना टिकट यात्री मिले हैं। संविदा परिचालक राजेश अवस्थी को जुर्माना जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।
इनसेट
परीक्षा से बढ़ी डिपो की 12 लाख ज्यादा आय
जिले के विभिन्न केंद्रों पर दो दिन हुई प्रारंभिक अर्हता परीक्षा से परिवहन निगम को 12 लाख रुपये अतिरिक्त फायदा हुआ। एआरएम एमएल केसरवानी ने बताया कि रोजाना डिपो की इंकम 20 लाख रुपये है, लेकिन परीक्षा के दौरान पहले दिन 29 लाख व दूसरे दिन 23 लाख रुपये की इनकम हुई। परीक्षा की वजह से 12 लाख रुपये अतिरिक्त लाभ डिपो को मिला।