लखनऊ। चिनहट की आदर्श विहार कॉलोनी में रहने वाले पुलिस मुख्यालय में तैनात शेर अली खान की बेटी ऐमन की सऊदी अरब के जेद्दा में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। बेटी का शव लखनऊ पहुंचने पर उन्होंने चिनहट पुलिस से शिकायत की। आरोप है कि दहेज के लिए ससुराल वालों ने ऐमन की हत्या की है। इसके बाद शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम कराया गया। इसमें माैत का कारण फंदा लगाना आया है।
शेर अली के मुताबिक 10 अप्रैल 2025 को उनकी बेटी का निकाह रायबरेली निवासी मोहम्मद आमिर खान से हुआ था। आरोप है कि दहेज में उन्होंने 14 तोला सोना और सात लाख रुपये का सामान दिया था। इसके अलावा, आमिर की मांग पर कार भी दी गई थी, जो उनके नाम पर पंजीकृत थी। आमिर इससे नाराज था। शादी के बाद वह पहली बार ससुराल आया तो उसने कार अपने नाम कराने के लिए हंगामा किया। उसने ऐमन का मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। 29 अप्रैल 2025 को वह जेद्दा चला गया। जून 2025 में उसने ऐमन को भी वहीं बुला लिया और 20 लाख रुपये की मांग करने लगा। इसके लिए आमिर, उसका भाई उमैर और बहनोई राशिद व मोहम्मद रफी ऐमन को मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते रहे।
उन्होंने दामाद से बातचीत कर जमीन बेचकर रुपये देने के लिए समय मांगा। अक्तूबर में ऐमन घर आई तो उसने पूरी बात बताई। दोनों परिवारों में समझौता होने पर ऐमन वापस जेद्दा चली गई।
17 दिसंबर को हुई थी आखिरी बार बात
शेर अली की बेटी से आखिरी बार 17 दिसंबर को फोन पर बात हुई थी। बातचीत के दौरान उन्हें ऐमन की हालत ठीक नहीं लगी। उन्होंने जेद्दा में रहने वाले परिचित फैजान को बेटी का हाल लेने के लिए भेजा। फैजान जब वहां पहुंचे तो ऐमन की मौत हो चुकी थी। आरोप है कि आमिर ने ऐमन का पासपोर्ट जब्त कर लिया था और उसे भूखा रखता था। बेटी की मौत की जानकारी मिलने पर उन्होंने बेटे साहिल को वहां भेजा। करीब 25 दिन की फोरेंसिक प्रक्रिया के बाद ऐमन का शव परिजनों को सौंपा गया।
छह माह के गर्भ से थी ऐमन
परिजनों ने बताया कि ऐमन छह माह के गर्भ से थी। आरोपियों ने ऐमन का दुपट्टे से गला कसकर हत्या की है। ऐमन के शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं। ऐमन सॉफ्टवेयर इंजीनियर थी। निकाह के बाद उसने नौकरी छोड़ दी थी। आमिर भी जेद्दा में इंजीनियर है। इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्र के मुताबिक परिजनों ने तहरीर दी है। मामला विदेश में आत्महत्या का है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।