एसपी सिटी अनिल सिंह सिसोदिया ने बताया कि अयोध्या आने से किसी को कोई रोक नहीं है। अयोध्या आकर कोई भी दर्शन-पूजन कर सकता है। लेकिन बिना अनुमति के सभा, धरना, प्रदर्शन आदि करने की कोई इजाजत नहीं दी जाएगी। कहा कि जिले में धारा-144 लागू है, शहर की शांति व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
हिंदू पक्षकार महंत धर्मदास ने प्रवीण तोगड़िया के अयोध्या कूच कार्यक्रम का विरोध किया है। महंत धर्मदास ने कहा कि तोगड़िया का कार्यक्रम निरर्थक है, प्रशासन ने रोक लगाकर ठीक ही किया है। अयोध्या की शाति भंग करने का प्रयास करने वालों पर रोक लगनी ही चाहिए, कहा कि अयोध्या मुद्दे पर सुनवाई शुरू होने जा रही है हमें उम्मीद है कि शीघ्र ही हमारे पक्ष में निर्णय आ जाएगा।
मुस्लिम पक्षकार इकबाल अंसारी ने भी तोगड़िया के कार्यक्रम का विरोध करते हुए कहा कि वे अयोध्या का माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। हम न तो धरना प्रदर्शन करते हैं, न ही सभा व जुलूस निकालते हैं, हमें तो अदालत के निर्णय का इंतजार है, लेकिन तोगड़िया जैसे लोग राममंदिर के नाम पर माहौल को खराब करना चाह रहे हैं, अब यह योगी सरकार की जिम्मेदारी है, कि वह क्या कदम उठाती है, फिलहाल तो ऐसे कार्यक्रमों पर रोक लगनी चाहिए।