लखनऊ। राजधानी में शुक्रवार की आधी रात को मौसम के बदले मिजाज ने बिजली आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमरा दी। तेज हवाओं और बारिश के कारण वीआईपी क्षेत्रों समेत शहर के दर्जनों इलाकों में घंटों बिजली गुल रही। गोमतीनगर, निरालानगर और इंदिरानगर जैसे पॉश इलाकों के उपभोक्ताओं को पूरी रात बिजली के लिए तरसना पड़ा।
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, अधिकांश क्षेत्रों में बिजली संकट हाईटेंशन लाइनों में आए तकनीकी फॉल्ट के कारण हुआ। जिन उपकेंद्रों में दोहरे फीडर की सुविधा थी, वहां एक से दो घंटे में आपूर्ति बहाल कर दी गई, लेकिन अन्य इलाकों, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को आपूर्ति सामान्य होने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा।
इन इलाकों में पड़ा सबसे ज्यादा असर
बिजली संकट की चपेट में आने वाले प्रमुख क्षेत्रों में राधा ग्राम, चौपटिया, आजादनगर, सुग्गामऊ, रेजीडेंसी, यूपीआईएल, निरालानगर, चिनहट, गोमतीनगर, जानकीपुरम, डालीबाग, न्यू मंत्री आवास, आशियाना, आलमबाग, नादरगंज, तेलीबाग, उतरेठिया, वृंदावन कॉलोनी, गोमतीनगर विस्तार, विकासनगर, खदरा, मोहिबुल्लापुर, चौक, राजाजीपुरम, ऐशबाग, तालकटोरा और दुबग्गा शामिल रहे।
न्यू बेरी रोड पर पेड़ गिरने से संकट गहराया
न्यू बेरी रोड पर 11 हजार वोल्ट की लाइन के पास एक पेड़ गिरने से तार टूटकर नीचे आ गए। इस बड़े फॉल्ट के कारण आसपास के चार प्रमुख अपार्टमेंट्स की बिजली आपूर्ति शनिवार सुबह से लेकर शाम तक ठप रही। विभाग के कर्मचारी पूरे दिन लाइनों को दुरुस्त करने में जुटे रहे, जिसके बाद ही आपूर्ति सुचारू हो सकी।