इंदिरानगर स्थित भूतनाथ मार्केट के एक कॉम्प्लेक्स की शुक्रवार शाम करीब पांच बजे बत्ती गुल हो गई। 24 घंटे बाद भी आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।
विरोध में कारोबारियों ने प्रदर्शन किया और ऊर्जा मंत्री को ट्वीट कर शिकायत की। उधर, लेसा ने दावा किया कि इस संकट के लिए कारोबारी खुद जिम्मेदार हैं। सिंगल प्वॉइंट पर दिए गए कनेक्शन के चलते ट्रांसफार्मर के बाद सप्लाई को दुरुस्त कराने का जिम्मा कारोबारियों का होता है।
कारोबारी मनप्रीत सिंह ने बताया कि शुक्रवार को ट्रांसफार्मर से कॉम्प्लेक्स को बिजली सप्लाई करने वाली भूमिगत केबल में फॉल्ट आने से 24 कारोबारियों की दुकानों की बत्ती गुल हो गई।
उपकेंद्र एवं 1912 नंबर पर शिकायत की, पर राहत नहीं मिली। इसके कारण जल्द ही दुकानें बंद करना पड़ीं।
इंदिरानगर के अधिशासी अभियंता अंशुमान ने बताया कि लेसा की जिम्मेदारी ट्रांसफार्मर तक सप्लाई को दुरुस्त रखना है। इसके बाद बिल्डर की होती है।
कारोबारियों का दबाव था कि विभाग एलटी केबल अपने पास से लगाकर बिजली चालू कराए। जबकि इस केबल का कारोबारियों को इंतजाम करना था। उन्होंने बताया कि कर्मियों को भेज करके फॉल्ट को खोज करके उन्हें बता दिया गया है।