दिवाली के लिए पावर कॉर्पोरेशन को 1350 मेगावाट बिजली और मिल गई है। इसमें से पांच कंपनियों से 1050 मेगावाट बिजली खरीदी जाएगी तो 300 मेगावाट हिमाचल प्रदेश से बैंकिंग के जरिये मिलेगी।
1950 मेगावाट अतिरिक्त बिजली का इंतजाम हो जाने के बाद पावर कॉर्पोरेशन प्रबंधन का जोर अब धनतेरस से लेकर दिवाली तक बिना किसी व्यवधान के आपूर्ति करने पर है।
शनिवार को खोले गए टेंडर्स मेंलगभग आधा दर्जन कंपनियों ने टेंडर में हिस्सा लिया। हिमाचल प्रदेश ने 300 मेगावाट बिजली बैंकिंग के आधार पर उपलब्ध कराई है जो बाद में उसे लौटाई जाएगी।
इसके अलावा 21 से 25 अक्तूबर तक जेएसडब्ल्यू से 200 मेगावाट, एनटीपीसी विद्युत व्यापार निगम से 300 मेगावाट, अडानी पावर से 200 मेगावाट, वंदना विद्युत से 50 मेगावाट तथा मित्तल प्रोसेसर से 300 मेगावाट बिजली खरीदने का फैसला किया गया।
पावर कार्पोरेशन के प्रबंध निदेशक एपी मिश्र का कहना है कि मौजूदा नेटवर्क पर दिवाली के दिन अधिकतम 12,500 मेगावाट ही आपूर्ति संभव हो सकेगी।
राज्य और केंद्रीय बिजलीघरों से कुल उपलब्धता 9,500-10,000 मेगावाट रहने की संभावना है। लगभग 20 मिलियन यूनिट बिजली एनर्जी एक्सचेंज से खरीदी जाएगी।
ऐसे में उम्मीद है कि दिवाली पर बिजली की कमी नहीं रहेगी और पूरे प्रदेश को पर्याप्त आपूर्ति की जा सकेगी।