नगराम। कमालपुर बिचलका से कुबहरा के बीच 700 मीटर अधूरी सड़क के कच्चे हिस्से के गड्ढे भरने का काम बृहस्पतिवार को शुरू नहीं हो सका। बुधवार को एसडीएम मोहनलालगंज, वन विभाग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने किसानों से वार्ता कर बृहस्पतिवार से काम शुरू कराने का आश्वासन दिया था। इसके बाद किसान पूरे दिन सड़क पर काम शुरू होने का इंतजार करते रहे। न कर्मचारी पहुंचे और न ही ईंट की रोड़ी या राबिश आई।
लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-दो के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि निर्माण सामग्री लाने के लिए डंपर की व्यवस्था नहीं हो सकी। इसी वजह से काम शुरू नहीं कराया जा सका। किसानों को इसकी जानकारी दे दी गई है। डंपर की व्यवस्था होते ही अगले दिन से गड्ढों की भराई शुरू करा दी जाएगी।