पंचायती राज मंत्री कैलाश यादव ने बृहस्पतिवार को विधानसभा में कहा कि पिछली सरकार द्वारा पंचायतों में उप प्रधान, ज्येष्ठ एवं कनिष्ठ ब्लॉक प्रमुख तथा उप जिला पंचायत अध्यक्ष के समाप्त किए गए पदों की बहाली पर विचार करके निर्णय किया जाएगा।
यादव ने कांग्रेस के अखिलेश प्रताप सिंह की ओर से पेश काम रोको प्रस्ताव का जवाब देते हुए यह आश्वासन दिया।
अखिलेश ने पिछली सरकार में त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था में संशोधन करके इन पदों को समाप्त कर दिए जाने का मामला उठाते हुए कहा कि ऐसे में प्रधान, ब्लॉक प्रमुख या जिला पंचायत अध्यक्ष के न रहने पर कामकाज प्रभावित होता है।
उन्होंने पंचायतों के छीने गए वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकारों की बहाली की भी मांग उठाई। उन्होंने कहा कि अगले कुछ महीने में पंचायतों के चुनाव होने हैं।
ऐसे में पुरानी व्यवस्था बहाल करके उप प्रधान, ज्येष्ठ और कनिष्ठ ब्लॉक प्रमुख तथा उप जिला पंचायत अध्यक्षों के भी चुनाव कराए जाएं। पंचायती राज मंत्री ने कहा कि इस पर पुन: विचार करके निर्णय करेंगे।