लखनऊ विश्वविद्यालय में परास्नातक कक्षाओं की सेमेस्टर परीक्षाएं एक मई से शुरू हो रही हैं, लेकिन शनिवार शाम तक प्रवेश पत्र विवि की वेबसाइट पर अपलोड नहीं किए जा सके। इससे हजारों छात्र परेशान हैं।
रविवार को अवकाश होने के कारण शिकायत का समय भी छात्रों के पास नहीं है। इसलिए वह ज्यादा परेशान हैं। अधिकांश स्टूडेंट्स परीक्षा की तैयारी छोड़कर साइबर कैफे का चक्कर लगाने को मजबूर हैं।
एलयू प्रशासन स्नातक कक्षाओं की सेंट्रलाइज परीक्षाओं की सफलता पर लगातार अपनी पीठ थपथपा रहा है। इसी क्रम में पीजी की परीक्षाओं में भी कई बदलाव किए गए हैं।
कुछ विभागों को छोड़ दिया जाए तो अधिकांश में इस बार परीक्षार्थियों को सीटिंग प्लान के तहत अनुक्रमांक के अनुसार बैठना होगा। इसके साथ कॉपियों का मूल्यांकन भी सेंट्रलाइइज करने की व्यवस्था कर दी गई है। लेकिन परीक्षा से पहले ही विवि की खामी छात्रों को परेशान कर रही है।
प्रवेश प्रत्र के लिए छात्रों को करनी पड़ रही है भागदौड़
demo pic
- फोटो : amar ujala
परीक्षा शुरू होने में एक दिन ही शेष है, लेकिन जम्मेदारों ने अभी वेबसाइट पर प्रवेश पत्र तक डाउनलोड नहीं किया है। इसके कारण भारी संख्या में विद्यार्थियों को परीक्षा से ठीक पहले प्रवेश पत्र निकालने के लिए भागदौड़ लगानी पड़ रही है।
इस संबंध में शनिवार को विद्यार्थियों ने अपने विभागों में शिकायतें दर्ज कराईं। जहां से शाम तक प्रवेश पत्र डाउनलोड करने का आश्वासन मिला था, लेकिन देर रात तक इस कार्य में छात्रों को सफलता नहीं मिली।
एलएलबी ऑनर्स के छात्र अजय, नवीन और एलएलबी थ्री ईयर के मुकेश दुबे ने बताया कि वह शनिवार को दिन भर प्रवेश पत्र डाउनलोड करने को लेकर परेशान रहे, लेकिन देर रात तक सफलता हाथ नहीं लगी। इन विद्यार्थियों ने बताया कि रविवार की छुट्टी के दिन देखते हैं विवि क्या करता है। अगर इस दिन भी प्रवेश पत्र नहीं डाउनलोड हुआ तो विभाग की जिम्मेदारी होगी।
पहले दिन बड़ी परीक्षाएं
demo pic
- फोटो : amar ujala
पीजी व स्नातक सेमेस्टर की परीक्षाओं के पहले दिन कई बड़ी परीक्षाएं हैं। ऐसे में प्रवेश पत्र न मिल पाना बड़ी समस्या बन सकती है। पहले दिन एलएलबी ऑनर्स और एलएलबी थ्री ईयर की परीक्षा है।
इसके अतिरिक्त बीकॉम ऑनर्स की दूसरे सेमेस्टर की भी परीक्षा है। एमए अरेबिक, अरब कल्चर, एमएससी न्यूट्रीशियन, एमए एमएससी मैथ्स, एमएससी न्यूक्लियर मेडिसिन, एमएससी माइक्रोबॉयोलॉजी की परीक्षा होनी हैं। इनमें हजारों की संख्या में परीक्षार्थी सम्मिलित हो रहे हैं।
परीक्षा नियंत्रक का दावा जारी कर दिया प्रवेश पत्र
परीक्षा नियंत्रक प्रो. ए के शर्मा ने दावा किया कि प्रवेश पत्र शनिवार को जारी कर दिया गया है। लेकिन लॉ के विद्यार्थियों ने बताया कि अभी तक उनका प्रवेश पत्र वेबसाइट पर नहीं आया है। प्रो. ए के शर्मा ने कहा कि जिनको परेशानी है वह आकर उनसे मिल सकते हैं। समस्या का समाधान किया जाएगा।
इन तीन केंद्रों पर होंगी बीबीए की परीक्षाएं
demo pic
एलयू और सहयुक्त कॉलेजों के बीबीए, बीबीए (आईबी) और बीबीए (एमएस) की सम सेमेस्टर परीक्षाओं के लिए तीन केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से एलयू के विद्यार्थियों की परीक्षा न्यू कैंपस में होगी। इसके अलावा भालचंद्रा इंस्टीट्यूट, लाल बहादुर शास्त्री गर्ल्स कॉलेज, राम प्रसाद बिस्मिल, इरम कॉलेज, एलएएन अकादमी, एसएस इंस्टीट्यूट, लखनऊ कॉलेज, रजत महिला कॉलेज, नोबेल इंस्टीट़्यूट, विमटेक कॉलेज, कैरियर कॉलेज, आईटीएमएस, बोरा इंस्टीट्यूट, सरदार भगत सिंह कॉलेज, जीसीआरजी, यूनिटी, ज्ञानोदय, शेरवुड, जेएनपीजी और शिया पीजी कॉलेज की परीक्षाएं कालीचरन पीजी कॉलेज में होंगी।
वहीं आजाद डिग्री कॉलेज, कॉलेज ऑफ इनोवेटिव, गोयल इंस्टीट्यूट, स्कूल ऑफ मैनेजमेंट, लखनऊ पब्लिक कॉलेज, आर्याकुल, शारदा इंस्टीट्यूट, जीएसआरएम, हीरालाल यादव, सिटी गर्ल्स कॉलेज, दि स्टडी हॉल, दयाल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट, रामा डिग्री कॉलेज, नर्वदेश्वर, रामस्वरूप, सूर्या कॉलेज, मार्डन गर्ल्स कॉलेज, टेक्नो इंस्टीट्यूट, सिटी कॉलेज और एमकेआईटीएम की परीक्षाएं श्री गुरुनानक गर्ल्स डिग्री कॉलेज में होंगी।
परीक्षा नियंत्रक प्रो. ए के शर्मा ने बताया कि ये सभी परीक्षाएं दोपहर एक बजे से शाम चार बजे तक आयोजित की जाएंगी।