लखनऊ। पारा इलाके की युवती ने जुबैर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती के अनुसार, जुबैर ने अपना धर्म छिपाकर खुद को करन बताया और दोस्ती की। उसने शादी का झांसा देकर यौन शोषण किया। कारोबार के नाम पर उससे रुपये और जेवर भी हड़प लिए। बाद में जुबैर और उसके परिजनों ने धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया। विरोध करने पर अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी। बृहस्पतिवार को युवती एक संगठन के लोगों के साथ पारा थाने पहुंची और जुबैर व उसके परिजनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई।
युवती के अनुसार, करीब डेढ़ वर्ष पूर्व उसकी पहचान मवैया निवासी जुबैर से हुई थी। जुबैर ने खुद को हिंदू बताकर दोस्ती की फिर शादी का झांसा दिया। आरोप है कि वह उसे विभिन्न स्थानों पर ले गया, जहां नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और इस दौरान आपत्तिजनक वीडियो भी बनाए। इसके बाद वह लगातार यौन शोषण करता रहा। युवती ने शादी की बात की तो आरोपी टालमटोल करने लगा। छानबीन करने पर पता चला कि करन का असली नाम जुबैर है और वह मुस्लिम है। युवती ने बताया कि जुबैर की मां और दोनों बहनों ने उसे डरा-धमकाकर बुर्का पहनाया और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया। आरोपियों ने धर्म परिवर्तन करने पर मदरसे से 12 लाख रुपये दिलाने का लालच भी दिया। मना करने पर आरोपी, उसकी मां और भाइयों ने उसकी पिटाई की।
आरोपियों की तलाश में दो टीमें गठित
अतिरिक्त इंस्पेक्टर राजेश सिंह ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। जल्द ही मजिस्ट्रेट के सामने उसके बयान दर्ज कराए जाएंगे। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठन की गई हैं।