लखनऊ। पारा के सूर्यनगर निवासी सुधीर शर्मा से खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर जालसाज ने डरा-धमकाकर 96,500 रुपये वसूल लिए। जालसाज ने पीड़ित के नाम एफआईआर दर्ज होने की बात कहकर उन्हें जाल में फंसाया था। पीड़ित ने 13 जनवरी को पारा थाने में केस दर्ज कराया है।
सुधीर शर्मा के मुताबिक 16 सितंबर 2025 को उनके पास अनजान नंबर से कॉल आई। फोनकर्ता ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके नाम से एफआईआर दर्ज की गई है। इसके बाद जालसाज ने उन्हें गिरफ्तारी व कानूनी कार्रवाई की बात कहते हुए डराया। इससे बचने के नाम पर उसने रुपये की मांग की। डर के चलते उन्होंने यूपीआई से सात बार में जालसाज के बताए गए खाते में 96,500 रुपये भेज दिए। बाद में छानबीन की तो पता चला कि उनके साथ ठगी हुई है। इंस्पेक्टर पारा सुरेश सिंह ने बताया कि पीड़ित ने दो मोबाइल नंबर बताए हैं, सर्विलांस की मदद से इन नंबरों की लोकेशन पता की जा रही है।