उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) के अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र को आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। अभ्यर्थी प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। आयोग के परीक्षा नियंत्रक दिनेश ने बताया है कि पीईटी की लिखित परीक्षा 24 अगस्त को दो पालियों में होगी। उन्होंने अभ्यर्थियों को निर्देशित किया है कि वे प्रवेश पत्र में दी गई सूचना व निर्देशों का अच्छी तरह से अध्ययन कर लें।
आईडी-पासवर्ड के लिए जूझते रहे विद्यार्थी
पॉलीटेक्निक की सेमेस्टर परीक्षाएं बुधवार से शुरू होंगी। पहली बार होने वाली ऑनलाइन परीक्षा के लिए विद्यार्थी मंगलवार को आईडी व पासवर्ड के लिए जूझते रहे। कई बार शिकायत करने के बाद प्राविधिक शिक्षा विभाग ने तकनीकी गड़बड़ियों को दुरुस्त किया। अंतिम सेमेस्टर और वार्षिक परीक्षा के अंतर्गत इंडस्ट्रियल सेफ्टी पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों की परीक्षाएं 18 अगस्त से शुरू होंगी।
इसी तरह वार्षिक परीक्षा के अंतर्गत फार्मेसी अंतिम वर्ष व टूल एंड मोल्ड मेकिंग के विद्यार्थियों की परीक्षाएं 28 अगस्त से शुरू हाेंगी। वहीं दूसरे व चौथे सेमेस्टर की परीक्षाएं 5 सितंबर से शुरू होगी। वार्षिक परीक्षा के अंतर्गत केवल फार्मेसी प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों की परीक्षाएं 19 सितंबर से होंगी। विद्यार्थी कहीं से भी ऑनलाइन परीक्षा दे सकते हैं। प्राविधिक शिक्षा परिषद के सचिव सुनील सोनकर ने बताया कि आईडी पासवर्ड मिलने के बाद छात्रों ने मॉक टेस्ट भी दिया। ऑनलाइन परीक्षा के दौरान करीब चार बार परीक्षार्थी की फोटो क्लिक की जाएगी।