पॉलीटेक्निक कॉलेजों में विषम सेमेस्टर की परीक्षा जनवरी में प्रस्तावित है। पर, नए सत्र में दाखिला लिए करीब 25 हजार विद्यार्थियों का अब तक नामांकन नहीं हो पाया है। इस बार करीब 2.40 लाख से ज्यादा सीटों के सापेक्ष दाखिले कम होने से काउंसिलिंग प्रक्रिया को दो अतिरिक्त चरणों तक बढ़ाई गई।
प्राविधिक शिक्षा परिषद ने इससे पूर्व की काउंसिलिंग के जरिए दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों के ऑनलाइन नामांकन की प्रक्रिया 29 नवंबर तक कॉलेजों को पूरी करने का आदेश दिया था। इसके बावजूद करीब 25 हजार विद्यार्थियों का नामांकन नहीं हुआ है। कॉलेज इनके नामांकन में आनाकानी कर रहे हैं। जिन विद्यार्थियों का ऑनलाइन नामांकन होगा, वे ही परीक्षा में बैठ सकेंगे।
प्राविधिक शिक्षा परिषद के सचिव सुनील सोनकर ने बताया कि जिन कॉलेजों के छात्रों का नामांकन अभी शेष है, उनको चार दिसंबर की रात 12 बजे तक का समय दिया गया है। उन्होंने बताया कि यदि अंतिम काउंसिलिंग का ब्योरा देरी से मिला तो उनके नामांकन के लिए तिथि को बढ़ाना पड़ेगा।