पॉलिटेक्निक में दाखिला लेने के लिए आयोजित होने वाली प्रवेश परीक्षा अब जेईई की तर्ज पर होगी। पूरी प्रवेश परीक्षा अब ऑनलाइन आयोजित की जाएगी। इस बार जो प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई थी ऑफलाइन मोड में वह आखिरी प्रवेश परीक्षा थी। विभिन्न बोर्डों की बोर्ड परीक्षा का शेड्यूल जारी ना होने के चलते प्रवेश परीक्षा की तिथि तय नहीं हो पा रही है। जिस वजह से तैयारियां अभी रुकी हुई है। पॉलीटेक्निक संस्थानों में दाखिले के लिए हर साल संयुक्त प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाती है। जिसे कराने का जिम्मा संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद पर है।
अब नए सत्र में दाखिले के लिए आयोजित होने वाली संयुक्त प्रवेश परीक्षा पूर्ण रूप से जेईई की तर्ज पर ऑनलाइन होगी। पॉलीटेक्निक संस्थानों में 53 डिप्लोमा और 15 पीजी के पाठ्यक्रम संचालित हैं। इन 68 पाठ्यक्रमों को 10 ग्रुप में विभाजित किया गया है। अब तक यह परीक्षा ऑफलाइन होती थी। इस साल पहली बार केवल ग्रुप ए के लिए प्रवेश परीक्षा ऑनलाइन कराई गई थी। लेकिन अब सभी 10 ग्रुप के 68 पाठ्यक्रमों के लिए ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा कराई जाएगी। प्रवेश परीक्षा पूरी तरह से कंप्यूटर बेस्ड होगा।
जैसे जेईई कराई जाती है। छात्रों को ओएमआर शीट के बजाय कंप्यूटर पर अपने विकल्पों का चयन करना होगा। उन्हें ऑनलाइन ही प्रश्न पत्र मुहैया कराया जाएगा। प्रवेश परीक्षा खत्म होते ही उनकी ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी मेल पर उपलब्ध करा दी जाएगी। ताकि बाद में छात्र प्रश्नपत्र व कार्बन कॉपी के आधार पर आंसर की से मिलान कर आपतियां कर सकें। जल्द ही प्रवेश परीक्षा के संबंध में अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।