लखनऊ के गुडंबा पुलिस ने बृहस्पतिवार रात एक ऐसे वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है जो बाइक चोरी कर कुकरैल जंगल में छिपाता था। हत्थे चढ़े गिरोह के पारा के डिप्टीखेड़ा निवासी भरत की निशान देही पर पुलिस ने 12 बाइक बरामद कीं। आरोपी के खिलाफ ठाकुरगंज, पारा, गुडंबा व उन्नाव के आसीवन व हसनगंज थाने में आठ मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।
सीओ गाजीपुर दीपक कुमार सिंह ने बताया कि पूछताछ में शातिर भरत ने कुबूला कि अपने दोस्त हरदोई बेनीगंज निवासी मुल्हे के साथ बाइक चोरी करता था। गिरोह के कुछ सदस्य और हैं। जिनका काम भीड़भाड़ वाले इलाके व बाजारों में रेकी करना है। गुडंबा प्रभारी निरीक्षक रवींद्र नाथ राय ने बताय कि भारत की निशानदेही पर कुकरैल जंगल से 12 बाइक बरामद की गईं।
इनमें से सात बाइकों की चोरी का मुकदमा राजधानी के थानों में दर्ज है। पुलिस से बचने के लिए बाइक पहले जंगल में छिपाते थे। इसके बाद नंबर प्लेट बदलकर बाराबंकी में सौदा करते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी नशे के लिए बाइक चोरी करता था।