रामपुर बुशहर। रामपुर नए बस अड्डे के साथ लगते चाटी पुल से सतलुज नदी कूदे युवक का चार दिन बाद भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। हालांकि लापता युवक को तलाशने के लिए सर्च ऑपरेशन छेड़ा गया है। उक्त युवक कहां का रहने वाला है, इस बारे भी कोई जानकारी पुलिस को नहीं मिल पाई है।
बीते मंगलवार दोपहर बाद एक युवक ने चाटी पुल से सतलुज नदी में छलांग लगाई थी, लेकिन ब्रौ पुलिस को दूसरे दिन भी युवक के बारे में कुछ सुराग नहीं मिल पाया है। ब्रौ थाना पुलिस की टीम ने बुधवार सुबह से लापता युवक की खोजबीन की, लेकिन पुलिस को युवक का कहीं भी पता नहीं चल पाया है। पुलिस के अनुसार सतलुज नदी में पानी का बहाव ज्यादा होने से युवक को तलाश करने में मुश्किलों को सामना करना पड़ रहा है।
ब्रौ थाना पुलिस ने चाटी से लेकर जगातखाना, ब्रौ, बिथल, भ्रदाश और कोयल बायल तक दिन भर सतलुज नदी के किनारे लापता युवक को खोजते रहे, लेकिन कहीं भी सुराग नहीं मिल पाया है। वहीं इस संबंध में डीएसपी आनी तेजेंद्र वर्मा ने बताया कि लापता युवक कहां का रहने वाला है, इसके बारे में भी पुलिस को कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस युवक को तलाशने में जुटी हुई है।