लखनऊ। पीजीआई थाना क्षेत्र के वृंदावन सेक्टर-4 में सोमवार रात गश्त कर रहे सिपाही रितेश यादव व अतुल कुमार की बाइक से स्कूटी टकरा गई। स्कूटी चालक ने अपशब्द कहे। इस पर सिपाहियों ने उसका पीछा कर लिया। कुछ दूरी पर स्थित एक राजनीतिक दल के सांसद का घर था। स्कूटी चालक वहां घुस गया। दोनों सिपाही वहां पहुंचे तो अंदर से निकले सुरक्षाकर्मियों ने सिपाहियों की पिटाई कर दी।
प्रभारी निरीक्षक पीजीआई देवेंद्र विक्रम सिंह के मुताबिक, दोनों सिपाही सोमवार रात को वृंदावन इलाके में पॉलीगान पर गश्त कर रहे थे। इस बीच स्कूटी सवार ने रॉन्ग साइड से आकर सिपाहियों की बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर से सिपाही गिर पड़े। उन्होंने स्कूटी सवार को दौड़ाया तो वह एक मकान में घुस गया। इसके बाद मकान से सुरक्षाकर्मी और कुछ लोग निकले और उन्होंने सिपाहियों से मारपीट की। मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। आरोपितों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।