लखनऊ। गुडंबा के कुर्सी रोड पर जनेश्वर एन्क्लेव अपार्टमेंट निवासी प्रॉपर्टी डीलर प्रबल जैन (35) की मौत के मामले में परिजन जल्द ही पुलिस को तहरीर देंगे। पुलिस सोमवार को प्रबल के परिजनों का बयान दर्ज करेगी। प्रबल सीतापुर जनपद के महमूदाबाद के रहने वाले थे और सट्टे से परेशान होकर अपार्टमेंट के 11वें माले से कूदकर आत्महत्या कर ली थी।
एसीपी गाजीपुर ए. विक्रम सिंह ने बताया कि पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है। घरवालों ने जल्द तहरीर देने की बात कही है। पुलिस को एफआईआर दर्ज कराए जाने का इंतजार है। इसके बाद विवेचना शुरू की जाएगी। प्रबल के सुसाइड नोट में जिन तीन लोगों का नाम लिखा था, उनके बारे में कुछ जानकारी मिली है। मोबाइल नंबर के डाटा से गिरोह से जुड़े अन्य लोगों का ब्योरा जुटाया जा रहा है। सुसाइड नोट में उन्होंने सट्टे की लत छोड़ न पाने के कारण आत्महत्या करने की बात लिखी थी। पुलिस ने उनके सुसाइड नोट के साथ दो मोबाइल फोन जांच के लिए कब्जे में लिए थे।