ललितपुर में क्राइम ब्रांच में तैनात दरोगा राहुल सिंह राठौर के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए पत्राचार शुरू हो गया है। बुधवार को पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर ने ललितपुर के एसपी को पत्र भेजकर कार्रवाई करने को कहा है। दरोगा के साथ लिवइन में रहने वाली ममता सिंह की रविवार को गोली लगने से मौत हो गई थी। इसके बाद एडीसीपी पूर्वी को दरोगा की भूमिका की जांच करने को कहा गया था। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया है जिसमें उसकी बर्खास्तगी भी हो सकती है।
चिनहट के ओमेगा अपार्टमेंट में रहने वाले दरोगा राहुल सिंह राठौर ललितपुर के क्राइम ब्रांच में तैनात है। वह रेलवे कर्मचारी ममता सिंह के साथ लिवइन में रहता था। रविवार को संदिग्ध हालात में ममता की गोली लगने से मौत हो गई थी। पुलिस ने मौके से सुसाइड नोट और अवैध असलहा बरामद किया था। पुलिस कमिश्नर ने इस मामले को गंभीरता से लिया। दरोगा की भूमिका संदिग्ध लगी जिसकी जांच एडीसीपी पूर्वी को सौंपी।
एडीसीपी पूर्वी की जांच में राहुल सिंह राठौर पर ड्यूटी से गैरहाजिर रहने और पहली पत्नी को तलाक दिए बिना दूसरी महिला के साथ लिवइन रिलेशनशिप में रहने की बात सामने आई। एडीसीपी ने इसे आधार बनाते हुए एक रिपोर्ट पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर को सौंपी। इसके बाद पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर ने राहुल सिंह राठौर के खिलाफ विभागीय कार्रवाई केलिए पत्र ललितपुर के एसपी को भेजा है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दरोगा राहुल सिंह राठौर के खिलाफ विभागीय कार्रवाई में उसे बर्खास्त किया जा सकता है।