उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाहियों के 41610 पदों पर भर्ती के लिए प्रारंभिक परीक्षा 15 दिसंबर को ही होगी।
पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने अभ्यर्थियों को सूचना दी है कि उन्हें पूर्व में जो प्रवेश पत्र भेजा गया था वही 15 को होने वाली परीक्षा में मान्य होगा।
बोर्ड के सचिव अमिताभ यश ने बताया कि बोर्ड की वेबसाइट पर यह जानकारी डाल दी गई है।
उन्होंने कहा कि जिनके परीक्षा केंद्र बदले जाएंगे, उन्हें नए प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे और इसकी सूचना भी विभाग की वेबसाइट पर आ जाएगी।
सचिव ने कहा कि पूर्व में तय केंद्रों में से कुछ ने नई तिथि पर परीक्षा कराने में असमर्थता जताई है, लिहाजा उन्हें बदल कर दूसरे केंद्र तय किए गए हैं।
जो परीक्षार्थी इससे प्रभावित हो रहे हैं, उन्हें जल्द ही नया प्रवेश पत्र जारी कर दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है, यूपी पुलिस में सिपाहियों की भर्ती के लिए लगभग चार हजार केंद्रों पर प्रारंभिक परीक्षा पहले 27 अक्तूबर 2013 को होनी थी।
इसके लिए अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र भेजे जा चुके थे। लेकिन परीक्षा के प्रश्नपत्र लेकर आ रहे ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने और कुछ प्रश्न पत्रों के गायब होने की वजह से इसे स्थगित कर दिया गया।
इसके बाद बोर्ड के अधिकारियों ने परीक्षा को 15 दिसंबर को आयोजित कराने का फैसला किया।
अधिकारियों ने कहा कि अभ्यर्थियों को 27 अक्तूबर की परीक्षा के लिए जो प्रवेश पत्र भेजा गया था, वही 15 दिसंबर को होने वाली परीक्षा के लिए भी मान्य होगा।