राम मंदिर चढ़ावा चोरी: पुलिस ने चंपत राय से की पूछताछ।
- फोटो : अमर उजाला
रामनगरी अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। पुलिस ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय से पूछताछ करके उनके बयान दर्ज किए हैं। बंद कमरे में घंटों तक हुई बातचीत में चढ़ावे की गिनती, सुरक्षा व्यवस्था, दान की प्रक्रिया और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं पर सवाल किए गए।
सूत्रों के मुताबिक, जांच के दौरान पुलिस ने ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारियों और कर्मचारियों के भी बयान दर्ज किए हैं। जांच एजेंसी चढ़ावे के संग्रह, गिनती और बैंक में जमा करने की पूरी प्रक्रिया की पड़ताल कर रही है।
पुलिस ने बैंक से जरूरी कागजात जब्त किए
उधर, पुलिस की एक टीम स्टेट बैंक आफ इंडिया, अयोध्या धाम ब्रांच पहुंची। इसी ब्रांच में राम मंदिर का खाता है। यहां के दो कर्मचारी रत्नेश चतुर्वेदी और गगनदीप आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की निगरानी के लिए लगाए गए थे।
गिरफ्तार आरोपियों में से छह आरोपी इसी बैंक के आउटसोर्सिंग कर्मचारी हैं, जो चढ़ावा गिनने और उसके बाद चढ़ावे को बैंक में जमा करवाने की ड्यूटी पर तैनात थे। इसमें अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, मनीष यादव, रमाशंकर आदि हैं। बैंक से जरूरी कागजात लेकर पुलिस टीम निकल गई है।