शहर के 14 चौराहों पर नजर आएंगे पुलिस कियॉस्क, इमरजेंसी कॉल बॉक्स से एक क्लिक में कंट्रोल रूम से होग बात
राजधानी के प्रमुख चौराहों पर जल्द पुलिस कियॉस्क नजर आएंगे। इनमें लगे इमरजेंसी कॉल बॉक्स में सिर्फ एक क्लिक से पुलिस कंट्रोल रूम को कॉल कनेक्ट हो जाएगी।
आम जनता को 24 घंटे यह सुविधा मिलेगी। पुलिस कियॉस्क के माध्यम से कई अन्य महत्वपूर्ण कार्य भी किए जाएंगे।
एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि पुलिस कियॉस्क कम पब्लिक हेल्प डेस्क की स्थापना स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत की जाएगी।
एसएसपी ने बताया कि फिलहाल राजधानी के संवेदनशील व महत्वपूर्ण 14 चौराहों पर यह सुविधा शुरू करने की योजना है।
इसके जरिये आम जनता को मॉर्डन पुलिसिंग की सभी सहूलियतें मुहैया कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के मैनेजर अनुज अवस्थी से कियॉस्क के कॉन्सेप्ट पर चर्चा की गई है।
यह कियॉस्क कम पब्लिक हेल्थ डेस्क एयरकंडीशंड होंगी। इसमें चार पुलिसकर्मियों के बैठने का इंतजाम होगा।
कियॉस्क में जनता के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस से संबंधित महत्वपूर्ण सूचनाओं के लिए डिजिटल स्क्रीन लगी होगी, जिसमें यूपीकॉप एप की सुविधा उपलब्ध होगी।
अगर कोई व्यक्ति एफआईआर दर्ज कराना चाहता है तो कियॉस्क उसकी मदद करेगा। कियॉस्क कम पब्लिक हेल्प डेस्क की सबसे बड़ी खासियत वहां लगा इमरजेंसी कॉल बॉक्स होगा।
इसमें एक क्लिक से पुलिस कंट्रोल रूम को कॉल कनेक्ट हो जाएगी। इसके अलावा कियॉस्क में सीसीटीवी सर्विलांस, यातायात व जनता से जुड़ी घोषणाओं के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम भी रहेगा।
इन चौराहों पर कियॉस्क लगाने का प्रस्ताव
सिकंदरबाग, राणा प्रताप, रविंद्रालय, डालीगंज पुल, लाल बत्ती, रायॅल होटल (लोकभवन), सुभाष, मवैया, लालबाग, आलमबाग बस स्टैंड, कैसरबाग बस स्टैंड, चरक, चारबाग और रूमी गेट चौराहा।