मड़ियांव में चोरी के सामान के साथ आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
लखनऊ में पुलिस ने मड़ियांव और चिनहट इलाके में ताला बंद मकानों की रेकी कर चोरी करने वाले दो गिरोह का पर्दाफाश किया है। मड़ियांव व चिनहट पुलिस ने इन गिरोहों के आठ चोरों को दबोच लिया है। उनके पास से चोरी का माल बरामद किया है। सभी जेल भेज दिए गए।
प्रभारी निरीक्षक मड़ियांव विपिन कुमार सिंह के मुताबिक, पकड़े गए चोरों में मुतक्कीपुर का कल्लू, आकाश रावत उर्फ तोंदे, नौबस्ता का भूपेंद्र कश्यप व प्रमोद शामिल है। शनिवार रात ये सभी घूम रहे थे। पुलिस ने रोका तो भागने लगे। चारों को दौड़ाकर पकड़ा गया। पूछताछ में चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ।
इनके कब्जे से दो एसी, एलसीडी टीवी, मोबाइल, नकदी और अन्य सामान बरामद किया गया है। डीसीपी उत्तरी शालिनी सिंह ने गिरफ्तारी की टीम में शामिल पुलिस कर्मियों को तीन हजार रुपये इनाम की घोषणा की है। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक गिरोह के चोर दिन में रेकी करके रात में वारदात को अंजाम देते थे। खासकर ग्रामीण इलाकों और खेतों से सटे हुए घरों को टारगेट करते थे ताकि वारदात के बाद भाग सकें।
पुलिस ने भेजा जेल
चिनहट में गिरफ्त में अन्य आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
वहीं, चिनहट पुलिस ने अपट्रान बैरियर के पास से चार चोरों को गिरफ्तार किया है। प्रभारी निरीक्षक चिनहट धनंजय पांडेय के मुताबिक, पकड़े गए चोरों में बरेली के जगपुर राय निवासी अमर जीत सिंह, सीतापुर महमूदाबाद का नीरज कुमार, देवा बाराबंकी का मोनू यादव और शिवशंकर है।
चारों के पास से 4050 रुपये नकद, तीन मोबाइल, एक पंखा, एक छोटा हाथी, लोहे का पाइप बरामद हुआ है। गिरोह के लोग दिन में बंद मकान की रेकी करते थे। इसके बाद रात को वारदात को अंजाम देने के लिए छोटा हाथी से जाते थे। स्थानीय लोगों द्वारा पूछताछ करने पर मकान मालिक का सामान दूसरे स्थान ले जाने की बात कहकर झांसा देते थे। पुलिस ने चारों को जेल भेज दिया है।