सड़क सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ करते हुए एसएसपी जे. रविंदर गौड़ ने शनिवार दोपहर वाहन चालकों से सुधरने की अपील की।
एसएसपी ने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था चालान से नहीं वाहन चालकों के चलन से सुधरेगी, इसलिए सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जाएगा।
इस मौके पर उन्होंने टैम्पो व ऑटो में स्टीकर लगाए। परिवर्तन चौक पर आयोजित सड़क सुरक्षा सप्ताह के शुभारंभ कार्यक्रम में एसएसपी ने कहा कि अधिकतर सड़क हादसे रैश ड्राइविंग की वजह से होते हैं।
लोग गलत तरीके से वाहन चलाते हैं, जिससे दूसरे वाहन चालक हादसों का शिकार बनते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कई हादसे हुए हैं, जिनमें वाहन चालक दूसरों की गलती की वजह से अपना जीवन गंवा देते हैं।
उन्होंने सभी नागरिकों से ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक होने और गलत तरीके से वाहन चलाने वालों की शिकायत करने की अपील भी की।
इस मौके पर एसएसपी ने टैम्पोे-ऑटो वाहनों के आगे-पीछे और भीतर एक स्टीकर चिपकाया, जिसमें पुलिस कंट्रोल रूम, फायर कंट्रोल रूम, एंबुलेंस, वीमेन पॉवर लाइन 1090 और ट्रैफिक कंट्रोल रूम का नंबर लिखा है।
एएसपी ट्रैफिक ज्ञान प्रकाश चतुर्वेदी ने बताया कि स्टीकर इसलिए चिपकाए गए हैं ताकि पब्लिक ट्रांसपोर्ट में सफर करने वाले इन नंबरों पर फोन कर गड़बड़ करने वालों के बारे में जानकारी दे सकें।
कार्यक्रम में मौजूद टैम्पो-ऑटो चालकों को उन्होंने अभद्र व्यवहार न करने, वर्दी पहनकर वाहन चलाने और नियम-कानून का पालन करने का निर्देश दिया।
कार्यक्रम में आईं मासूम स्कूली छात्राओं ने ऑटो-टैम्पो चालकों को गुलाब के फूल देकर अपना डर जाहिर किया तो चालकों का मन भर आया। उन्होंने छात्राओं से सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने का वादा किया।
छात्राएं बोलीं, ‘अंकल, हम सड़क पार करते हैं तो घबराहट होती है। आप लोग ऐसे गाड़ी मत चलाया करिए, जिससे हमें डर लगे।’ उनकी बातें सुनकर चालकों ने भविष्य में शिकायत का मौका न देने का वादा किया।