चिनहट के देवा रोड इंडस्ट्रियल एरिया स्थित इंडियन पेस्टीसाइड्स लिमिटेड (आईपीएल) की फैक्ट्री में मंगलवार शाम कीटनाशक का पैकेट फटने से पांच मजदूर गंभीर रूप से बीमार हो गए।
उनकी सांसें उखड़ने लगीं तो लोगों की मदद से उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। यहां तीन मजदूरों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई जबकि दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
फैक्ट्री के लोगों ने बताया कि मजदूरों को ठेकेदार कैलाशनाथ लेकर आया था। हादसे के बाद वह मौके से भाग निकला। चिनहट पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की।
एसएसआई विनय कुमार सिंह ने बताया कि फैक्ट्री में फसल की सुरक्षा के लिए कीटनाशक और केमिकल बनाया जाता है।
मंगलवार शाम उन्नाव के मौरावां निवासी उमेश सैनी (34) व सूरज वर्मा, गोंडा का संदीप (30), सीतापुर के शेखपुर में रहने वाला विपिन (19) और बाराबंकी के सआदतगंज वाजिदपुर निवासी उत्तम (20) फैक्ट्री के पैकिंग सेक्शन में मशीन से प्लास्टिक के पैकेट में कीटनाशक भर रहे थे, तभी एक पैकेट फट गया।
कीटनाशक शरीर पर गिरने से जलन के साथ ही मजदूरों की सांसें फूलने लगीं। चंद सेकंड में ही मजदूरों के पेट में दर्द होने लगा। उनका जी मिचलाने लगा और वह उल्टियां करने लगे। सभी बेहोश होकर गिर पड़े।
सुपरवाइजर व सिक्योरिटी गार्ड मौके पर पहुंचे और किसी तरह पांचों को फैक्ट्री से बाहर निकाला और इंदिरानगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। संदीप, उमेश और सूरज को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। विपिन और उत्तम को आईसीयू में रखा गया है।