प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को जनसभा संबोधित करने लखीमपुर पहुंचे। यहां के राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान पर आयोजित चुनावी सभा में उन्होंने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, पूरी जिम्मेदारी के साथ अखिलेश पर कुछ आरोप लगा रहा हूं जिसका वो जवाब नहीं दे पाएंगे। जनसभा शुरू होते ही उन्होंने कहा, 2022 में भारत की आजादी के 75 साल का वर्ष आ रहा है। ये जो सरकार चुनी जाएगी वो तय करेगी कि भारत की आजादी के 75 साल बाद हमारा देश कहां पहुंचना चाहिए। ये समय बदलाव लाने का है। मोदी ने कहा, उत्तर प्रदेश में भूतकाल में अनेक दशकों तक कांग्रेस का शासन देखा है।
कई बार सपा की सरकारें देखीं हैं। कई बार बीएसपी की सरकार देखी है मैं आपसे पूछना चाहता हूं कि इन लोगों ने आपके जीवन में कोई बदलाव लाया है, आपका या उत्तर प्रदेश का किसी ने भला किया है? हर परीक्षा में ये फेल हुए हैं क्या ऐसे लोगों को दोबारा परीक्षा देने का भी हक है क्या? कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव में यूपी की जनता ने सारा हिसाब चुकता करके दिखा दिया था। खुद को दिग्गज मानने वाली पार्टियों को यूपी को साफ कर दिया था। दो कुनबे के लोग जीतकर आए थे।
कांग्रेस और सपा के कुनबे के कुछ लोग जीते थे बाकी सीटों पर भारतीय जनता पार्टी को जीत मिली थी। मोदी ने कहा, श्रीमान अखिलेश जी खतरे की घंटी तो तभी बज गई थी जब यूपी की जनता ने आपका सफाया कर दिया था। इसके बाद आपको ढाई साल मिले अच्छा तो तब होता जब आप अपनी छवि ठीक कर पाते या लोगों के भले के लिए कुछ कर पाते।
यूपी की जनता ने बसपा को साफ किया, कांग्रेस को कड़ी सजा दी और सपा के सारे सपने चूर कर दिए उसके बाद भी आप सुधरने के लिए तैयार नहीं हैं। 2014 में परिवार में झगड़े भी नहीं थे, अखिलेश की छवि भी ठीक थी तब तक तो सूपड़ा साफ हो गया। उसके बाद आपने काम भी नहीं किए और कांग्रेस की शरण में जाकर बैठ गए। राम मनोहर लोहिया पूरे जीवन भर कांग्रेस के खिलाफ लड़ते रहे आपने कुर्सी के मोह में आप कांग्रेस की गोद में जाकर बैठ गए ऐसा करके सपा ने लोहिया का अपमान किया।
मेट्रो पर साधा निशाना
डेमो पिक
प्रधानमंत्री ने अखिलेश को चुनौती दी और कहा, मैं यहीं से लखनऊ जाने को तैयार हूं। मैं अखिलेश को भी लखनऊ बुलाता हूं और कहता हूं कि आप चलकर मेट्रो स्टेशन चलें और ट्रेन में बैठकर दिखाएं। चुनाव में काम दिखाने के लिए अखिलेश ने फीता काट दिया जबकि मेट्रो चलनी शुरू भी नहीं हुई। भारत सरकार ने मेट्रो के लिए पैसा दिया लेकिन सरकार से किसी को नहीं बुलाया गया। अगर इसी प्रकार से लोगों से मूर्ख बनाने का काम चलता रहेगा तो मुझे बताइये कि लोगों का भला कैसे होगा।
मोदी आगे बोले, इसी तरह मेदांता का भी फीता काट दिया। ये काम बोल रहा है क्या? अरे अखिलेश जी यूपी की माताएं-बहनें गले में चेन पहनने से डरती हैं। नरेंद्र मोदी ने कहा, यूपी में हर दिन बलात्कर और हत्याएं होती हैं। हर अपराध के पीछे राजनीति की बू आती है। जेलों में बंद लोग जेल से गैंग चलाते हैं उन्हीं के इशारों पर बाहर हत्या हो जाती है। हर दिन इतने हत्याएं, बलात्कार और अपराध होते हैं इन्हें आप अखिलेश के काम कहेंगे या कारनामा कहेंगे।
हिंदुस्तान के इतने बड़े प्रदेश के निर्दोष लोगों को क्या ऐसे लोगों के हवाले कर दिया जाएगा? मोदी ने कहा, एक बार काम करने का मौका दीजिए, इन कट्टे-बंदूक वालों को जेल के पीछे न डाल दूं तो कहिएगा।
मैं माताओं बहनों से कहना चाहता हूं कि दिल्ली में उनका भाई बैठा है, उसे सेवा करने का मौका दीजिए। यूपी का कोई ऐसा इलाका नहीं है जहां माताएं-बहने शाम ढलते बाहर निकल पाएं। उन्होंने सपा सरकार को घेरते हुए कहा, राम और कृष्ण की धरती को क्या बना दिया आपने?
नहीं आती अखिलेश की चिट्ठी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फाइल फोटो)
मोदी ने बीच-बीच में घोषणापत्र की बातें भी दोहराईं और कहा, बीजेपी की सरकार बनने के बाद छोटे किसानों का कर्ज माफ कर दिया जाएगा। यूपी वालों ने मुझे सांसद और प्रधानमंत्री बनाया है। यहां का सांसद होने के नाते किसान भाइयों को वादा करता हूं कि बीजेपी की सरकार बनने के बाद पहली ही मीटिंग में पहला काम किसानों की कर्ज माफी का कर दिया जाएगा। मैं खुद इस काम को करवाकर रहूंगा ये मेरी जिम्मेदारी है।
प्रधानमंत्री ने कहा, अखिलेश कहते हैं, मोदीजी आप अपना काम बताओ। सत्ता के नशे में डूबे होने के वजह से इन्हें हमारा काम नजर नहीं आता है। मोदी ने कहा, हमने सबसे अच्छी फसल बीमा योजना दी। प्रधानमंत्री ने कहा, इस सरकार पर गंभीर आरोप है और बड़ी जिम्मेदारी के साथ ये आरोप लगा रहा हूं। मुझे पता है कि यहां के मुख्यमंत्री जवाब नहीं दे पाएंगे। बीजेपी शासित राज्यों में किसानों का 50 से 60 फीसदी बीमा है।
क्या कारण है कि यूपी का किसान मेहनतकश है लेकिन आपके रहते हुए सिर्फ 14 फीसदी किसानों का बीमा हुआ। अखिलेश किसान विरोधी हैं। इन 14 फीसदी लोगों में भी इनके कुनबे के लोग हैं। बीमा देने में भी अखिलेश ने मेरा-तेरा किया, जातिवाद का जहर घोला।
मोदी ने कहा, जब मैं नया-नया प्रधानमंत्री बना था तब देशभर से मुख्यमंत्रियों की चिट्ठी बस यूरिया के लिए आती थी। लिखते थे, हमारे किसानों को यूरिया मिलती थी। दो साल हो गए आज मुझे एक भी मुख्यमंत्री की यूरिया मांग करने वाली चिट्ठी नहीं आती है।
यूपी में डीएम बनने के लिए लगते हैं 70 लाख
narendra modi
- फोटो : amar ujala
मोदी ने कहा, किसान को परेशान होती थी और यूरिया की कालाबाजारी होती थी। हमने यूरिया के कारखाने लगाकर कालाबाजारी रोकी। हमने यूरिया पर नीम कोटिंग करवा दी, जिससे भ्रष्टाचार खत्म हुआ। भारत सरकार पैसे देती है और राज्य सरकारों से किसानों की रक्षा के लिए कहती है। यूपी किसानों का प्रदेश है लेकिन अखिलेश सरकार किसानों के साथ अन्याय कर रही है।
बीजेपी की सरकार आई तो किसान को मरने और लुटने नहीं दिया जाएगा। मोदी ने कहा, विकास के लिए सरकार बननी चाहिए न कि भाई-भतीजावाद के लिए।
मोदी ने गठबंधन पर भी निशाना साधा और कहा, दो कुनबों का कारोबार देखिए, ये जोड़ी ऐसे ही नहीं बनी, दोनों में एक ही प्रकार के अवगुण हैं ऐसे में मेलजोल सरल हो जाता है। जिन्होंने देश को लूटा और जिन्होंने प्रदेश को लूटा, ऐसे मिल जाएं तो क्या होगा?
अखिलेश जी मैं ये नहीं कह रहा बल्कि आपके अफसर ही कहते हैं कि 70 लाख रुपए देकर प्रमोशन और तबादले होते हैं। मोदी ने सवाल उठाया, क्या यही काम बोलता है?
मोदी ने कहा, एक आईएएस अफसर ने जब भ्रष्टाचार की बात सरेआम बोली तो उसे सस्पेंड कर दिया गया। हर थाने को सपा का कार्यालय बना दिया गया है। जब तक समाजवादी का नेता न कहे, कोई काम नहीं होता है।
मोदी ने कहा, ये लोग कैसे काम करते हैं मैं बताता हूं। जब मायावती की सरकार थी 2010 और 2012 के बीच में यूपी के 23 गावों में बिजली का काम हुआ जहां बिजली नहीं थी। ये काम 2 साल में हुआ। उसके बाद राजकुमार की बारी आई, उन्होंने 2012 और 2014 के बीच सिर्फ 3 गांवों में बिजली पहुंचाई। यूपी में 1500 गांव अंधेरे में हैं। जब मैं प्रधानमंत्री बना तो मैंने दो साल में 1364 गांवों में बिजली पहुंचाई।
नरेंद्र मोदी ने कहा, यूपी के किसी गांव में कोई नौजवान नहीं नजर आता है। हमें नौजवानों को उन्हीं के गांव में काम दिलवाना है। मैं गरीबी में पैदा हुआ, मैंने गरीबी को जिया है और गरीबी को लिए जीना चाहता हूं। इसीलिए हमने फैसला लिया कि सभी गरीबों को सरकार की तरफ से फ्री गैस कनेक्शन दिया जाएगा।