मेट्रो के एयरपोर्ट से मुंशीपुलिया के बीच रेडलाइन पर कॉमर्शियल रन शुरू करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चार मार्च को हरी झंडी दिखा सकते हैं। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री कार्यालय से अब तक मिली जानकारी के अनुसार चार मार्च को प्रधानमंत्री का समय मिल सकता है।
इसके बाद छह मार्च या आगे की तारीख ही मिल सकेगी। वहीं, मेट्रो से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि छह मार्च से आचार संहिता लग सकती है। ऐसे में हम चार मार्च के लिए ही तैयारियां पूरी करने में जुटे हैं। सोमवार को खुद एमडी कुमार केशव ने भूमिगत स्टेशनों पर जाकर तैयारियां देखीं।
वहीं, देर रात तक अधिकारियों के साथ बैठक कर हर स्टेशन पर यात्री सुविधाओं और प्रधानमंत्री कार्यक्रम को लेकर समीक्षा भी की। मेट्रो अधिकारियों ने प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए निमंत्रण पत्र का डिजाइन तैयार कर लिया है। वहीं, प्रधानमंत्री और अन्य विशिष्ट अतिथियों के लिए स्मृति चिह्न भी तैयार कराए जा रहे हैं, ताकि अंतिम समय में होने वाली कोई गलती को रोका जा सकेगा।
सोमवार को नहीं फाइनल हुई तारीख
प्रधानमंत्री कार्यालय से कॉमर्शियल रन शुरू करने की तारीख सोमवार देर रात तक तय नहीं हो पाई। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि अगले 48 घंटे में तारीख मिल सकती है। इसके साथ ही कार्यक्रम की जगह को भी जिला प्रशासन और प्रधानमंत्री कार्यालय के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर तय किया जाएगा।
दूसरे दिन से आम यात्रियों को मिलेगी मेट्रो
मेट्रो अधिकारियों का कहना है कि पहले दिन केवल विशिष्ट अतिथियों के लिए ही एयरपोर्ट से मुंशीपुलिया के बीच मेट्रो चलेगी। आम यात्रियों के लिए अगले दिन से ट्रेन का संचालन होगा।