लखनऊ विश्वविद्यालय में शैक्षिक सत्र 2019-20 में पीएचडी में दाखिले के लिए प्रवेश प्रक्रिया 20 दिसंबर से शुरू होगी। विवि में इस साल पीएचडी की 478 सीटों पर दाखिले होंगे। सबसे ज्यादा 44 सीटें फिजिक्स विभाग में होंगी। भूगोल, ज्योतिर्विज्ञान, रक्षा अध्ययन और महिला अध्ययन विषय में इस साल एक भी सीट नहीं होगी।
विश्वविद्यालय ने विभागवार पीएचडी की सीट संख्या जारी कर दी है। इनका विज्ञापन निकालने के बाद 20 दिसंबर की शाम से आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। लविवि प्रवक्ता संजय मेधावी ने बताया कि कुलपति की मंजूरी के बाद सीट पर अंतिम मुहर लगा दी गई है। इस साल विश्वविद्यालय में कुल मिलाकर 478 सीट पर दाखिले होंगे।
दाखिले प्रवेश परीक्षा तथा साक्षात्कार के आधार पर किए जाएंगे। पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया में 70 नंबर प्रवेश परीक्षा तथा 30 नंबर साक्षात्कार के आधार पर दिए जाने हैं। लविवि में पिछले काफी समय से पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया अटकी हुई थी। अब जाकर सीट तय होने के बाद इसकी प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।