बुधवार को दिनदहाड़े राजधानी के महानगर स्थित पेट्रोल पंप पर हुई लूट का खामियाजा पूरे शहर ने भुगता।
लखनऊ में अपराधियों के आतंक और पुलिस की हीलाहवाली से नाराज पेट्रोल पंप ऐसोसिएशन ने अनिश्चतकालीन बंद का ऐलान कर दिया।
हालांकि, देर शाम अधिकारियों से बातचीत और उनकी तरफ से मिले आश्वासन के बाद हड़ताल खत्म कर दी गई।
दिन भर शहर के सिर्फ दो सरकारी पेट्रोल पंप ही खुले रहे। एक गोमती नगर में है और दूसरा बादशाह नगर में। ऐसे में इन दोनों ही जगह लंबा जाम लग गया। लोगों को जानकारी ने होने की वजह से जगह-जगह भटकना पड़ा।
पुलिस के मुताबिक, महानगर के सरोज नर्सिंग होम के पास विनायक सर्विस स्टेशन के मैनेजर शशि प्रकाश सुबह 11 बजे पांच लाख रुपये से भरा बैग लेकर अपनी स्कूटर से महानगर की स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ब्रांच गए।
शशि ने वहां गाड़ी पार्किंग में लगाई ही थी कि दो युवक उनके पास पहुंचे और अकाउंट खोलने की जानकारी करने लगे। शशि के मुताबिक, उन्होंने दोनों युवकों से बैंक के भीतर जाकर पूरी जानकारी करने को कहा लेकिन अचानक एक युवक ने इनके माथे पर तमंचा रख दिया और बैग छीनकर फरार हो गए।
न बैंक के बाहर कोई पुलिस तैनात थी, न ही गार्ड वहां दिख्ा रहे थे। काफी शोर-शराबे के बावजूद दोनों चोर बड़ी आसानी से मौके से फरार होने में कामयाब हो गए। दिलचस्प बात यह है कि बैंक के पास में ही पुलिस चौकी भी है।
पुलिस की इसी लापरवाही से नाराज लखनऊ की पेट्रोल पंप ऐसोसिएशन ने आनन-फानन में अनिश्चितकालीन बंद का ऐलान कर दिया। हालांकि, तत्काल ही डीएम ने ऐसोसिएशन के लोगों के साथ एक मीटिंग बुलाई। इस मीटिंग में लोगों ने डीएम से जल्द से जल्द दोनों बदमाशों को गिरफ्तार करने को कहा है।
साथ ही, पेट्रोल पंप ऐसोसिएशन के लोगों ने यह भी मांग की कि पेट्रोल पंप के लोगों को सुरक्षा मुहैया कराई जाए क्योंकि आए दिन ही भारी धन बैंक में जमा कराया जाता है।