अल्पसंख्यकों के लिए सरकार की प्रमुख योजनाओं में से एक एजुकेशन हब योजना को बेसिक शिक्षा विभाग की मंजूरी मिल गई है।
इसके लिए माध्यमिक व तकनीकी शिक्षा से पहले ही अल्पसंख्यक कल्याण विभाग को एनओसी मिल चुकी है।
अब इस योजना का विस्तृत खाका तैयार किया जा रहा है। शीघ्र ही इसे कैबिनेट के समक्ष रखा जाएगा।
एजुकेशन हब के तहत खोले जाने वाले मॉडल विद्यालयों में बेसिक शिक्षा को भी शामिल किया जा रहा है।
पहले इन विद्यालयों में माध्यमिक (कक्षा-6 से 12 तक) व व्यावसायिक शिक्षा ही दिए जाने की योजना थी।
पढें-ईको टूरिज्म को विकसित होगी सुहेलवा बर्ड सेंक्चुरी
बेसिक शिक्षा जुड़ने के साथ ही अल्पसंख्यक कल्याण विभाग को बेसिक शिक्षा से इसके लिए एनओसी लेनी थी।
मालूम हो कि ‘अल्पसंख्यकों की शैक्षिक सहभागिता एवं उन्नयन योजना’ के तहत प्रत्येक जनपद में दो मॉडल विद्यालय बनाए जाने हैं।
इसमें अल्पसंख्यकों को हाईस्कूल-इंटरमीडिएट के साथ ही व्यावसायिक शिक्षा एक ही छत के नीचे दी जाएगी।
पूर्णतया आवासीय खुलने वाले इन विद्यालयों में प्रतियोगी परीक्षाओं की भी तैयारी कराई जाएगी। पहले चरण में 20 जनपदों में मॉडल विद्यालय खोले जाने हैं।
इसके तहत एक बालक व एक बालिका विद्यालय खोले जाएंगे। इसके बाद चरणबद्घ तरीके से दूसरे अल्पसंख्यक बहुल जनपदों को भी इसमें शामिल किया जाएगा।