नये साल की पार्टी के दौरान हुड़दंग करने वालों की खैर नहीं है। उन पर पुलिस की लगातार निगरानी रहेगी। सड़कों पर अगर उत्पात मचाते हुए कोई मिला तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नये साल की पार्टियों को देखते हुए एसएसपी कलानिधि नैथानी ने वीमेन पावर लाइन (1090) चौराहे पर कंट्रोल रूम बनाया है, ताकि सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल कार्रवाई शुरू कर दे।
एसएसपी ने रविवार देर रात कैंप कार्यालय में बैठक कर सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए। एसएसपी के मुताबिक, सभी तैयारियों को ऑपरेट करने के लिए 1090 चौराहे पर एक कंट्रोल रूम बनाया गया है। जहां से सभी गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।
31 दिसंबर को भीड़भाड़ वाले स्थानों (मॉल, रेस्टोरेंट, सिनेमा हॉल, बाजार, बस अड्डा, रेलवे स्टेशन) पर पर्याप्त मात्रा में सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे, ताकि आम लोगों को परेशानी न हो। वहीं लोगों को जाम से निजात मिले इसके लिए कई मार्गों पर डायवर्जन दिया गया है।
इसके लिए एएसपी यातायात पुर्णेंदु सिंह को जिम्मेदारी सौंपी है। सभी होटलों की चेकिंग सोमवार और मंगलवार दोपहर तक हरहाल में कर लिया जाए। उसमें ठहरने वालों का ब्योरा भी जुटा लिया जाए।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों विशेष नजर
एसएसपी के मुताबिक, 31 दिसंबर की रात शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर पुलिस लगातार नजर रखेगी। हर चौराहे पर ऐसे लोगों की चेकिंग की जाएगी। इसके लिए पुलिस टीम ब्रेथ-एनालाइजर के साथ मुस्तैद रहेगी, ताकि कोई हादसा न हो।
कई चेक पोस्ट बनाए गए हैं। इन पर बाइक स्टंटबाजों पर निगरानी की जाएगी। हुड़दंग करने वालों को तत्काल दबोचा जाएगा। होटलों व रेस्टोरेंटों में विवाद न हो, वहां की सुरक्षा को लेकर सभी थाना प्रभारी इनके प्रबंधकों के साथ बैठक कर सुरक्षा के निर्देश दे दें।
अग्निशमन दस्ता रहेगा मुस्तैद
एसएसपी के मुताबिक, सभी प्रमुख स्थानों व भीड़भाड़ वाले जगहों पर अग्निशमन दल मुस्तैद रहेगा। इसके लिए मुख्य अग्निशमन अधिकारी विजय सिंह को निर्देश दिया गया है, ताकि हादसों के समय तत्काल राहत कार्य शुरू कराया जा सके।
रविवार देर रात हुई बैठक में एएसपी ग्रामीण आदित्य लहंगे, यातायात पुर्णेंदु सिंह, सीएफओ विजय सिंह, सीओ हजरतगंज अभय मिश्र, गाजीपुर दीपक सिंह, कैसरबाग संजीव सिन्हा, चौक दुर्गाप्रसाद तिवारी, कृष्णानगर अमित राय, गोमतीनगर संतोष सिंह के अलावा सभी प्रभारी निरीक्षक, आरआई लाइन मौजूद रहे।