फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू होने से वैकल्पिक मार्गों पर बढ़ा यातायात, हर तरफ जाम, थम गया शहर

विज्ञापन
विज्ञापन
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर सोमवार को ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू होने से वैकल्पिक मार्गों पर यातायात बढ़ने से जाम लग गया।
विज्ञापन

राष्ट्रपति का काफिला राजभवन पहुंचने के बाद भी करीब घंटे भर तक हजारों वाहन जाम में फंसकर रेंगते रहे। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के आगमन को लेकर सुबह नौ बजे से डायवर्जन लागू था।
चारबाग में नत्था तिराहे से रवींद्रालय की ओर का रास्ता बंद होने से वाहनों को पानदीराबा व नाका की ओर से रवाना किया गया।
ऐेसे में पानदरीबा व नाका के साथ ही बांसमंडी चौराहा, लाटूश रोड, पांडेयगंज, रकाबगंज, गणेशगंज, अमीनाबाद से लेकर कैसरबाग चौराहे तक जबर्दस्त जाम लग गया।
कैसरबाग बस अड्डे के सामने भी जाम लगा रहा। दूसरी ओर, रवींद्रालय तिराहे से भी चारबाग रेलवे स्टेशन की ओर रास्ता बंद होने से वाहनों को नत्था तिराहे से रवाना किया गया। इससे भी इस पूरे इलाके में जाम लगा रहा।
विज्ञापन

बंदरियाबाग चौराहे से राजभवन की ओर का रास्ता बंद होने से वाहनों को गोल्फ क्लब चौराहा या लालबत्ती, लालबहादुर शास्त्री तिराहा होकर रवाना किया गया।
इसके चलते लोहिया पथ व गोल्फ क्लब चौराहे पर भी जबर्दस्त जाम लग गया। डीएसओ चौराहे से राजभवन की ओर का रास्ता बंद होने से वाहनों को पार्क रोड व लालबहादुर शास्त्री तिराहा होकर भेजा गया। इसके चलते इस रास्ते पर भी जाम लग गया।
बापू भवन और बर्लिंग्टन चौराहे पर भी जबर्दस्त जाम लगा रहा। हाल ये रहा कि जाम से बचकर निकलने का लोगों को कोई रास्ता ही नहीं नजर आ रहा था।
ट्रैफिक पुलिसकर्मी जाम खुलवाने को लेकर मेहनत करते दिखे मगर दूर-दूर तक वाहनों के फंसे होने के चलते जाम खुलवाना मुश्किल हो रहा था।
हजरतगंज व सिकंदरबाग चौराहे के साथ ही परिवर्तन चौक पर भी सैकड़ों वाहन जाम में फंसे रहे। इसी तरह मवैया मेट्रो स्टेशन के पास, तेलीबाग व बंगलाबाजार में भी जाम लगा रहा। उमस के बीच जाम में फंसकर लोग काफी परेशान हुए।
बंद रहे स्टेशन के सभी प्रवेश व निकासी के रास्ते
राष्ट्रपति के आगमन से कुछ देर पहले चारबाग रेलवे स्टेशन के सभी प्रवेश व निकासी के रास्ते बैरिकेडिंग से बंद कर दिए गए। काफिले को वीआईपी पोर्टिको से जिस रास्ते से होकर जाना था, सिर्फ वही सड़क खुली थी। इस सड़क पर भी दोनों ओर पैरा मिलिट्री फोर्स के साथ ही पुलिसकर्मी मुस्तैद थे।
काफिले के रूट के चप्पे-चप्पे पर नजर
राष्ट्रपति का काफिला चारबाग से कैंट के रास्ते राजभवन रवाना हुआ। काफिले के पूरे रूट पर सभी डिवाइडर बंद करके बैरिकेडिंग की गई थी। पूरे रूट के चप्पे-चप्पे पर पैरा मिलिट्री फोर्स व पुलिस के जवान मुस्तैद रहे। हर चौराहे पर बड़ी संख्या में ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात थे। खुफिया एजेंसियों के साथ ही एलआईयू व पुलिस के जवान भी सादे कपड़ों में तैनात किए गए थे। काफिले के रूट पर कई प्रमुख स्थानों व ऊंची इमारतों पर स्नाइपर कमांडो भी मुस्तैद थे।
जाम के बीच से निकाली गईं एंबुलेंस
ट्रैफिक डायवर्जन के दौरान सोमवार को कैंट इलाके में प्रतिबंधित रास्तों पर दो एंबुलेंस आ गईं। इस पर यातायात पुलिस ने तत्परता के साथ दोनों एंबुलेंस को वैकल्पिक मार्ग से रास्ता देकर रवाना कराने के साथ ही एस्कोर्ट करके जाम के बीच से निकलवा दिया। बताया जा रहा है कि दोनों एंबुलेंस को ट्रॉमा सेंटर जाना था। दरअसल, कानपुर में दो दिन पहले ही राष्ट्रपति के आगमन के मद्देनजर ट्रैफिक डायवर्जन के चलते जाम में फंसने से कार से अस्पताल ले जाई जा रहीं महिला उद्यमी की मौत हो गई थी। इस घटना से सबक लेते हुए डायवर्जन प्लान लागू होने के बीच भी एंबुलेंस या किसी मेडिकल इमरजेंसी को लेकर यातायात पुलिस को खास निर्देश दिए गए थे। ट्रैफिक कंट्रोल रूम के मुताबिक सोमवार को ट्रैफिक डायवर्जन लागू होने के वक्त ही कैंट में कुंवर जगदीश चौराहा (यदुनाथ चौक) पर करीब 12 बजे एक एंबुलेंस आ गई। इसके चलते एंबुलेंस के यदुनाथ चौक के पास पहुंचते ही यातायात पुलिस ने उसे कैंट के ही वैकल्पिक रास्ते से रवाना कराया। एंबुलेंस कहीं जाम में न फंसे इसके लिए यातायात पुलिस ने बाकायदा इसे एस्कॉर्ट करके ट्रॉमा सेंटर पहुंचने में मदद की। कुछ देर बाद कैंट इलाके में ही एक अन्य एंबुलेंस आ गई तो इसे भी यातायात पुलिस ने तत्काल उसी रास्ते से एस्कॉर्ट करते हुए ट्रॉमा पहुंचने में मदद की।
विज्ञापन

224 वाहनों का ई-चालान
लखनऊ। यातायात पुलिस ने सोमवार को 224 वाहनों का ई-चालान करके 3,57,500 रुपये शमन शुल्क वसूला किया। इसमें बिना हेलमेट के वाहन चलाने पर 68, ट्रिपलिंग पर सात, बिना सीट बेल्ट पर 18, नो पार्किंग में 75 समेत अन्य नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की गई।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें