फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बेबस हुए नमो, फिर लगे 'हर हर मोदी' के नारे

Tue, 22 Apr 2014 02:57 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की वाराणसी रैली में हर हर मोदी के नारे लगे थे। जिस पर हिंदू धर्म के मानने वालों ने आपत्ति दर्ज की थी।
विज्ञापन


इस घटना के बाद मोदी ने खुद अपने समर्थकों से कहा था कि इस तरह के नारे न लगाए जाएं। लेकिन सोमवार को हरदोई में हुई रैली में जमकर हर हर मोदी के नारे लगे।

उनके संबोधन के हर पांच से सात मिनट के बीच भीड़ की ओर से हर-हर मोदी के स्वर गूंजते नजर आए।

मोदी ने अपनी रैली में केंद्र की यूपीए सरकार और राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला उन्होने कहा कि दिल्ली को मां- बेटे ने तो यूपी को बाप-बेटे ने मिलकर लूटा है।

मोदी बोले, मैं जहर हूं

एटा में मोदी ने कहा कि विपक्ष के लोग मोदी लहर सुनते ही तिलमिला जाते हैं और कहते हैं कि मोदी लहर नहीं मोदी जहर है।

हां यह सच है कि मोदी जहर है लेकिन देश को लूटने वालों के लिए। मोदी ने जनता से यह भी अपील की कि जिन्होने देश को लूटा है, उन्हें फिर से संसद का मुंह मत देखने दीजिए।

मोदी ने दोहराया कि कि जो काम पिछले 60 सालों में नहीं हो पाया उसे भाजपा 60 महीनों में कर दिखाएगी।

उन्होने यूपी में पिछड़ेपन के लिए अखिलेश सरकार को कोसा और प्रदेश की बदहाली के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया।

मुझे खुशी है मैंने चाय बेची

नरेंद्र मोदी सोमवार को अपने पूरे जोश में दिखे। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि ‌मां-बेटे ने दिल्ली में बैठकर देश बेच दिया है।

मोदी ने कहा, मुझे खुशी है कि मैंने चाय बेची है, उन लोगों की तरह देश नहीं बेचा है। भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार ने कहा कि वे लोग गरीब और गरीबी का मजाक उड़ाते हैं।

मोदी ने कहा कि कांग्रेस के युवराज गरीब और दलितों के घर ऐसे जाते हैं जैसे वह कोई टूरिस्ट प्लेस हो, मानो कोई ताज महल देखने जा रहा हो।

उन्होंने कहा सोनिया और राहुल ने आग में घी डालने का काम किया है लेकिन अब बहुत हो चुका।

सपा बसपा ने किया यूपी को बर्बाद

भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार मोदी ने अखिलेश सरकार भी जुबानी तीर चलाए। उन्होंने कहा कि यूपी को बाप-बेटे ने बर्बाद कर रखा है।

उन्होंने कहा कि लेकिन अब खेल बहुत खेला जा चुका है। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस बार भाजपा को मौका दीजिए।

मोदी ने कहा कि यूपी में बहनजी और बाप-बेटे ने पूरा वक्त एक-दूसरे को पाठ पढ़ाने में ही जाया कर दिया है।

हालांकि उन्होने यूपी विधानसभा भंग करने के बारे में कुछ नहीं बोला। गौरतलब है ‌कि पिछले दिनों भाजपा नेता उमा भारती ने कहा था कि केंद्र में भाजपा सरकार आते ही यूपी सरकार गिर जाएगी।
विज्ञापन

भाजपा दिखी एकजुट

कहना गलत नहीं होगा कि काफी लंबे समय के बाद जिले की भाजपा एक साथ दिखाई दिए, जिनमें युवाओं के साथ पुराने वरिष्ठ भाजपाई भी दिखाई दिए।

इसको देखकर लोगों ने आखिर कह ही दिया कि भले ही नरेंद्र मोदी के आने पर ही सही, पर भाजपा जो एकजुट दिखाई दे रही, तो लोगों के सामने एक अलग छाप छोड़ रही है।

अभी तक आए सर्वे में भाजपा को प्रदेश में लगभग 40 सीटें जीतते हुए दिखाया जा रहा है, वहीं यह भी अनुमान लगाया जा रहा है कि केंद्र में भाजपा सरकार आते ही राज्यों सियासी समीकरण तेजी से बदलना शुरू हो जाएंगे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें