गोमतीनगर स्थित ओमेक्स हाईट्स अपार्टमेंट के आवंटियों ने शनिवार को रियल एस्टेट कंपनी ओमेक्स के दफ्तर में घुसकर जमकर हंगामा किया। आवंटियों ने आरोप लगाया कि उनका 9.10 करोड़ रुपये पिछले पांच साल से कंपनी दबाए बैठी है। लगातार मांग करने के बाद भी उन्हें टरकाया जा रहा है।
आए दिन की बहानेबाजी से जब आवंटियों का सब्र जवाब दे गया तो शनिवार को उन्होंने प्रदर्शन करते हुए विभूतिखंड के साइबर कॉम्प्लेक्स स्थित ओमेक्स के ऑफिस पर धावा बोल दिया। आक्रोशित आवंटी नारेबाजी करते हुए कार्यालय के अंदर घुस गए। कार्यालय के कर्मचारियों और गार्डों से उनकी झड़प भी हुई।
पुलिस ने पहुंचकर किसी तरह से मामला शांत कराया। आवंटियों की तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। वहीं इस मामले में ओमेक्स के कर्मचारी की ओर से भी आवंटियों के खिलाफ गाली गलौज, बलवा, तोड़फोड़ और मारपीट का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया गया।
गोमतीनगर के विभूति खंड स्थित ओमेक्स हाईट्स अपार्टमेंट रेजीडेंट एसोसिएशन के सचिव रवींद्र बिहारी श्रीवास्तव ने बताया कि आईएफएमएस मनी (इंटरेस्ट फ्री मेंटेनेंस सिक्योरिटी मनी) के तौर पर आवंटन केसमय कंपनी ने 50 हजार से लेकर 90 हजार रुपये तक प्रति आवंटी से जमा कराए थे। यह पैसा कंपनी को जुलाई 2011 में वापस करना था लेकिन अब तक वापस नहीं किया। पांच साल से कंपनी टालमटोल कर रही है।