मड़ियांव क्षेत्र के पुरनिया मार्ग के पास उतारे जा रहे फ्लाई ओवर के विरोध को लेकर पार्षद सहित सैकड़ों लोगों ने बृहस्पतिवार रात सड़क जाम करके प्रदर्शन शुरू कर दिया।
इससे वाहनों की कतार लग गई। दो थानों की फोर्स सहित कई अफसर लोगों को शांत कराने में जुटे थे, लेकिन लोग केशवनगर मार्ग पर फ्लाई ओवर न उतारे जाने की मांग पर अड़े थे।
हंगामा बढ़ता देख सेतु निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर ने लोगों को आश्वासन दिया। इसके बाद ही प्रदर्शन समाप्त हुआ।
पुरनिया रेलवे क्रॉसिंग पर फ्लाई ओवर का ढाल केशव नगर व प्रियदर्शनी कॉलोनी मार्ग पर उतारा जा रहा है। इससे कॉलोनी से निकलने वाले मार्ग प्रभावित हो रहे है।
इससे कॉलोनी के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
फ्लाई ओवर को पहले आगे बढ़ाकर उतारे जाने की मांग को लेकर फैजुल्लागंज प्रथम की पार्षद बबिता दीक्षित समेत सैकड़ों लोग सड़क पर उतर आए।
नाराज लोगों ने सड़क जाम करके प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर से वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना पर अलीगंज व मड़ियाव थाने की फोर्स व सीओ डॉ. अखिलेश नारायन सिंह ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया, मगर लोग मांग को लेकर अड़े थे।
हंगामा बढ़ता देख सेतु निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर जीके सेन सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
प्रोजेक्ट मैनेजर ने फ्लाई ओवर को आगे बढ़ाकर उतारे जाने की मांग की रिपोर्ट सेतु निगम अधिकारियों को सौंपने की बात कही। उन्होंने अधिकारियों के आदेश तक कार्य निर्माण कार्य बंद करने का आश्वासन दिया।
कहा कि वह मामले की पूरी रिपोर्ट सेतु निगम के अफसरों को भेजेंगे। उनके निर्देश के बाद ही दोबारा काम शुरू होगा। इसके बाद लोगों ने जाम हटाया।