पंचायत चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन पर आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेश प्रभारी व सांसद संजय सिंह ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा, इस चुनाव में प्रदेश की जनता ने भाजपा की जनविरोधी नीतियों का जवाब दे दिया है। इसके साथ ही भाजपा सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है।
उन्होंने कहा कि भाजपा समर्थित बहुत से कद्दावर नेताओं को जिला पंचायत सदस्य चुनाव में करारी हार मिली है। साथ ही आप समर्थित प्रत्याशियों को जिस तरह से सफलता मिली है, उससे साफ हो गया है कि दिल्ली में केजरीवाल के विकास मॉडल पर यूपी की जनता ने मुहर लगा दी है। मुख्यमंत्री के गृह जिले गोरखपुर में आप समर्थित प्रत्याशी को करीब साढ़े आठ हजार वोटों से जिताकर जनता ने भाजपा को यह संदेश दे दिया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा का किला ढहने वाला है।
इसी प्रकार रामनगरी अयोध्या में भी भाजपाइयों को मुंह की खानी पड़ी है। संजय सिंह ने कहा पंचायत चुनाव परिणाम के साथ पूरे प्रदेश में परिवर्तन की बयार बह रही है। योगी सरकार से त्रस्त प्रदेश की जनता ने विधानसभा चुनाव का मॉकड्रिल माने जा रहे जिला पंचायत चुनाव में भाजपा के खिलाफ वोट करके उसे आइना दिखाने का काम किया है।
पंचायत चुनाव ड्यूटी के दौरान संक्रमित होकर दम तोड़ने वाले शिक्षक एवं अन्य कर्मियों को श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने कर्मचारियों को जान जोखिम में डालकर ड्यूटी करने को मजबूर किया, जिसकी कीमत उन्हें अपनी जान देकर चुकानी पड़ी है। उनके परिवार के लोग भी संक्रमण की जद में हैं। सरकार के कुप्रबंधन के चलते प्रदेश के लगभग हर गांव में कोरोना पहुंच चुका है और बड़ी संख्या में लोगों की जानें लेने लगी है।