ईद उल अजहा का त्यौहार पूरे प्रदेश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही मुस्लिम भाइयों ने एक दूसरे से गले मिलकर उन्हें मुबारकबाद दी। लखनऊ के शाहनजफ इमामबाड़े में शिया-सुन्नी समाज के लोगों ने मिलकर नमाज पढ़ी और एकता की मिसाल पेश की।
शहर की सभी मस्जिदों में नमाज पढ़ी गई साथ ही ऐशबाग ईदगाह, आसिफी मस्जिद व टीले वाली मस्जिद में भी नमाज पढ़ने के लिए बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग इकट्ठा हुए।
वहीं, यूपी के सुल्तानपुर जिले में सांप्रदायिक सौहार्द्रता की झलक उस समय नजर आई जब दोनों समुदाय के लोग ईदगाह के बाहर दिखाई दिए और नमाज अदा कर बाहर निकल रहे मुस्लिम भाइयों को बधाई दी। इस दृश्य ने यहां की गंगा यमुनी तहजीब को जीवित कर दिया।
आज बकरीद का त्योहार व सावन का सोमवार साथ पड़ने से मंदिरों व मस्जिदों में सर्वाधिक रौनक है। इसके लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व विधानसभा अध्यक्ष हृदयनारायण दीक्षित ने प्रदेशवासियों को ईद-उल-अजहा की शुभकामनाएं दी हैं। राज्यपाल ने कहा कि इस दिन को आपसी सौहार्द्र, भाईचारे और हर्षोल्लास से मनाना चाहिए।