ऊर्जा विभाग में कर्मचारी बर्खास्त
प्रतापगढ़ में ट्रांसफार्मर लगाने के एवज में पैसे मांगने की शिकायत की गई थी। इसकी जांच के आधार पर निविदा कर्मी देवी प्रसाद (कुशल श्रमिक) को बर्खास्त कर दिया गया।
कमीशन मांगने में नपे भूमि संरक्षण अधिकारी
सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग में बांदा के तत्कालीन भूमि संरक्षण अधिकारी रमेश चंद्र के खिलाफ निर्माण कार्यों का भुगतान न करने, कमीशन मांगने, मनमाने व भ्रष्ट आचरण की शिकायत की गई थी। जांच में आरोप सही पाए जाने पर उन्हें निलंबित कर समादेश मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया। अनुशासनिक जांच की कार्यवाही अंतिम चरण में है।
वरिष्ठ निरीक्षक की भर्त्सना, एक वेतनवृद्धि रुकी
एटा के एक शिकायतकर्ता ने पोर्टल पर वरिष्ठ निरीक्षक विधिक माप विज्ञान सुनील कुमार के खिलाफ पेट्रोल पंप से अवैध वसूली और न देने पर काम रोकने की धमकी की शिकायत की थी। इस मामले में वरिष्ठ निरीक्षक को निलंबित किया गया और जांच के बाद भर्त्सना प्रविष्टि के साथ एक वेतनवृद्धि अस्थायी रूप से रोक दी गई।
बीडीओ के खिलाफ बैठी जांच
एटा में तत्कालीन बीडीओ भगवान सिंह चौहान के खिलाफ घूस लेने की शिकायत हुई थी। मामले में संयुक्त विकास आयुक्त अलीगढ़ मंडल को जांच सौंपते हुए अनुशासनिक कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
एक वीडियो के जरिए वाराणसी के प्रभारी अपर मुख्य अधिकारी सुधीर कुमार के खिलाफ एक कांट्रैक्टर से कमीशन मांगने की शिकायत हुई थी। अपर मुख्य सचिव पंचायतीराज के निर्देश पर अधिकारी को जिला पंचायत अनुश्रवण कोष्ठक लखनऊ से संबद्ध किया गया। जिलाधिकारी से शिकायत की जांच कर रिपोर्ट मांगी गई है।
सेवा प्रदाता से चयनित कर्मियों के नवीनीकरण में मांगी रिश्वत, एफआईआर
देवरिया के बीएसए ऑफिस में एमआईएस इंचार्ज के पद पर कार्यरत कर्मी आलोक रंजन मिश्रा के खिलाफ शिकायत की गई थी कि सेवा प्रदाता के माध्यम से तैनात कर्मियों के नवीनीकरण के लिए रिश्वत मांगी जा रही है। इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई। इनकी नौकरी गई और नवीनीकरण भी नहीं हो सका।