किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी को बुधवार को एक और विभाग की सौगात मिली है। अब यहां पीडियाट्रिक ऑर्थोपेडिक डिपार्टमेंट (बाल हड्डी रोग विभाग) खुलेगा। अभी तक यह विभाग एम्स में भी नहीं है। यूनिवर्सिटी प्रशासन का दावा है कि सरकारी क्षेत्र में देश में पहली बार यह विभाग खुल रहा है।
एमसीआई और सरकार की ओर से एमसीएच पीडियाट्रिक ऑर्थोपेडिक सुपर स्पेशिएलिटी कोर्स की स्वीकृति मिलने से विशेषज्ञ चिकित्सक बढ़ेंगे। केजीएमयू में पीडियाट्रिक ऑर्थोपेडिक विभाग की शुरुआत करने के लिए 2016 में मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया को प्रस्ताव दिया गया था।
वहां से प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद नवंबर 2017 में प्रदेश सरकार को प्रस्ताव भेजा गया। अब इस प्रस्ताव को शासन ने मंजूरी दे दी है। विभाग के लिए आठ पद सृजित किए गए हैं। इसमें पांच फैकल्टी और तीन सीनियर रेजीडेंट होंगे। इनकी नियुक्ति अगस्त तक कर लेने की तैयारी है।