भवनस्वामी अब बिना नगर निगम दफ्तर जाए ही अपना गृहकर जमा कर सकेंगे। नगर निगम ने डेबिट व क्रेडिट कार्ड से गृहकर जमा करने सुविधा शुरू कर दी है।
इस नई सुविधा के शुरू होने से नेट बैंकिंग के माध्यम से गृहकर जमा करने की सुविधा को भी विस्तार मिल गया है।
अभी तक सिर्फ चार बैंकों के खाताधारक ही ऑनलाइन गृहकर अदा कर पाते थे मगर अब 37बैंकों के खाताधारक इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
अपर नगर आयुक्त पीके श्रीवास्तव ने बताया कि डेबिट व क्रेडिट कार्ड के जरिए गृहकर भुगतान की व्यवस्था शुरू करने के लिए पिछले साल अगस्त में आईसीआईसीआई बैंक के साथ करार हुआ था।
यह व्यवस्था शुरू हो जाने के बाद भवनस्वामी अब कहीं से भी अपना गृहकर डेबिट व क्रेडिट कार्ड के जरिए अदा जमा कर सकेंगे।
इसके अलावा अब नेट बैंकिंग के जरिए भी गृहकर जमा करने की सुविधा का विस्तार किया गया है।
अभी तक सिर्फ पंजाब नेशनल बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, एचडीएफसी बैंक व आईसीआईसीआई बैंक के खाताधारक ही नेट बैंकिंग का इस्तेमाल कर गृहकर जमा कर पाते थे।
किन-किन बैंकों के नेट बैंकिंग खाताधारक ऑनलाइन गृहकर जमा कर सकते हैं इसकी पूरी जानकारी नगर निगम की वेबसाइट पर है।
ऐसे करें डेबिट व क्रेडिट कार्ड से गृहकर अदा
सबसे पहले नगर निगम की वेबसाइट lmc.up.nic.in पर जाना होगा। साइट खुलने पर गृहकर पर क्लिक करें। यहां अपने गृहकर बिल पर दिए गए नौ अंकों का कम्प्यूटर कोड भरें। यहां आपके गृहकर का पूरा ब्यौरा आ जाएगा। इसके बाद आपको रजिस्ट्रेशन पर क्लिक करना होगा।
रजिस्ट्रेशन फार्म खुलने पर आपको यूजर नेम व पासवर्ड बनाना होगा। रजिस्ट्रेशन फार्म में 10 करेक्टर का पासवर्ड भरना होगा।
पासवर्ड अल्फा न्यूमेरिक व स्पेशल करेक्टर का बनाएं। रजिस्ट्रेशन के बाद पेमेंट गेटवे पर क्लिक करें। इस पर लॉगिन पेज खुलेगा।
इसमें यूजर नेम व पासवर्ड भरें और सिक्योरिटी पिन डालना होगा,यह वेबसाइट पर दिखेगा। इसके बाद आप नेट बैंकिंग या डेबिट कार्ड व क्रेडिट के जरिए गृहकर अदा करने का विकल्प चुन सकेंगे।