राजधानी लखनऊ में लगभग तीन साल बाद बिजली उपभोक्ता एक बार फिर से क्रेडिट-डेबिट कार्ड से बिल को जमा कर सकेंगे। इस बार की खासियत यह कि उपभोक्ताओं को बिल जमा करने के दौरान उनको कोई भी अतिरिक्त टैक्स नहीं देना पड़ेगा, जिससे उनका फायदा होगा। यूं समझे 1000 रुपये के बिल पर दो फीसदी अतिरिक्त शुल्क 20 रुपये बनता, जो अब देना नहीं होगा।
सोमवार को राजभवन खंड के क्लाईड रोड उपखंड के सिकंदरबाग चौराहे पर स्थित बिलिंग केंद्र पर भी इस सुविधा का शुभारंभ हो गया है। हालांकि, राजधानी के अन्य इलाकों में भी क्रेडिट-डेबिट कार्ड से बिल जमा होने लगे हैं, मगर लेसा के सभी ऑनलाइन बिलिंग केंद्रों पर अभी यह सुविधा नहीं है।
मध्यांचल विद्युत वितरण निगम ने बिल जमा करने का यह जिम्मा सरल ई-कॉमर्स कंपनी को सौंपा है, जो राज्य सरकार की पूर्व एजेंसी ई-सुविधा की तर्ज पर काम करेगी। लखनऊ सेंट्रल जोन के मुख्य अभियंता रवि कुमार अग्रवाल के मुताबिक हुसैनगंज, रेजीडेंसी, चौक, ठाकुरगंज, राजभवन में सरल कंपनी ने बिल जमा करने का कार्य शुरु कर दिया है। इससे जो उपभोक्ता अब तक क्रेडिट-डेबिट कार्ड से बिल जमा नहीं कर पा रहे थे, उनको बिलिंग केंद्र से वापस लौटना नहीं पड़ेगा। साथ ही, क्रेडिट-डेबिट कार्ड से बिल जमा करने के दौरान देय धनराशि पर दो से तीन फीसदी जो अतिरिक्त शुल्क की देनदारी रहती थी, उसे खत्म कर दिया गया है। अब उपभोक्ता जितनी रकम का बिल जमा करेगा, उसके बैंक खाते से उतनी रकम ही ट्रांसफर होगी। अब उपभोक्ता कैश, चेक, क्यूआर कोड, क्रेडिट एवं डेबिट कार्ड से बिल का जमा कर सकेंगे।
गोमतीनगर-इंदिरानगर में चल रही तैयारी
गोमतीनगर जोन के मुख्य अभियंता सुशील गर्ग ने बताया कि उनके गोमतीनगर एवं इंदिरानगर सर्किल में सरल कंपनी के बिलिंग अभी बिलिंग केंद्र पर चालू नहीं हो सके हैं। हालांकि, इंदिरानगर सर्किल के मुंशी पुलिया खंड न्यू बिलिंग केंद्र एवं सर्वोदयनगर बिलिंग केंद्र पर क्रेडिट एवं डेबिट कार्ड से बिल जमा करने की सुविधा शुरू हो चुकी।
मध्यांचल निगम में भी जमा होगा बिल
वीआईपी उपभोक्ताओं की सहूलियत के लिए गोखले मार्ग स्थित मध्यांचल विद्युत वितरण निगम मुख्यालय में कई साल से बंद पड़ा बिलिंग केंद्र एक बार फिर से गुलजार होगा।
इतनी देर जमा होंगे बिल
सिंगल शिफ्ट में सुबह 10:00 से शाम 6:00 बजे तक, डबल शिफ्ट में सुबह 8:00 से रात 8:00 बजे तक।