नोट-- फोटो है
बलरामपुर अस्पताल की इमरजेंसी में एक घंटे गुल रही बिजली, मरीज बेहाल
- एसी-पंखे बंद, वार्ड में रहा अंधेरा, गर्मी-उमस ने किया बेहाल
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। बलरामपुर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में सोमवार दोपहर करीब एक घंटे तक बिजली गुल रही। वार्डों में अंधेरा छा गया। एसी-पंखे तक बंद हो गए। वार्ड में भर्ती अति गंभीर मरीज गर्मी से बेहाल होने लगे। तीमारदारों का भी पसीना छूट गया। तीमारदारों ने शिकायत दर्ज कराई तो पता चला कि इमरजेंसी वार्ड में वायरिंग की मरम्मत हो रही है। बलरामपुर अस्पताल की इमरजेंसी में करीब 56 बेड हैं। हर रोज इमरजेंसी में 80-90 मरीज भर्ती होते हैं। सोमवार दोपहर करीब एक बजे इमरजेंसी वार्ड में वायरिंग की मरम्मत के चलते बिजली गुल रही। करीब एक घंटे तक वार्डों में अंधेरा रहा। जनरेट बैकअप न होने से एसी-पंखे तक बंद रहे। अति गंभीर मरीजों की गर्मी-उमस से हालत बिगड़ने लगी। तीमारदार अपने मरीजों को हाथ के पंखे व दुपट्टे से हवा दे रहे थे। महिला तीमारदार साबिरा का कहना था कि इमरजेंसी में एक घंटे से बिजली गुल है। कई तीमारदारों ने शिकायत भी दर्ज की मगर सुनवाई न हुई। निदेशक डॉ. राजीव लोचन ने कहा, अस्पताल में जनरेटर बैकअप है। बिजली जाने पर एक से दो मिनट में दोबारा आ जाती है। बिजली के तारों की मरम्मत कार्य की वजह से भले ही कुछ देर बिजली गुल हुई हो।
इमरजेंसी के एसी में कूलिंग नहीं
अस्पताल की इमरजेंसी ओपीडी से लेकर वार्डों में लगे एसी खराब पड़े हैं। एसी में कूलिंग तक नहीं है। जबकि एक माह पहले ही सभी एसी की सर्विस अस्पताल प्रशासन ने करवाई थी।